ट्रक ने मारी टेंपो में टक्कर, केतुका के मजदूर की मौत
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 20 Oct 2024 11:24 PM
एनएच-27 पर शाहपुर चौक के निकट दुर्गा मंदिर के सामने रविवार के अपराह्न करीब तीन बजे सामान लदे तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पार कर रहे एक टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी.
दरभंगा. एनएच-27 पर शाहपुर चौक के निकट दुर्गा मंदिर के सामने रविवार के अपराह्न करीब तीन बजे सामान लदे तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पार कर रहे एक टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में टेंपो पर सवार मजदूर की मौके पर ही मौत हो गयी. मृतक की पहचान मब्बी थाना के केतुका निवासी 45 वर्षीय पुत्र रामबालक यादव के रूप में हुई. घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया. हादसे के बाद टेंपो चालक फरार हो गया, जबकि पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी के अनुसार केतुका निवासी किसान रमेश यादव अपने मजदूर रामबालक यादव को लेकर रानीपुर के एक खाद व्यवसायी से डीएपी खाद व गेहूं की बीज खरीदने गये थे. वहां 14 बोरी खाद व गेहूं का बीज खरीद किसान ने एक किराये के एक टेंपो पर उसे लाद मजदूर रामबालक को गांव के लिए रवाना कर दिया. टेंपो को विदाकर किसान ससुराल बेनीवाद चले गए. मजदूर व टेंपो चालक खाद बीज लेकर केतुका गांव लौट रहे थे, इसी क्रम में जैसे ही टेंपो शाहपुर चौक के निकट दुर्गा मंदिर के सामने सड़क पार कर रहा था, मुजफ्फरपुर से दरभंगा की ओर आ रहे तेज रफ्तार ट्रक (डब्ल्यूबी 57 सी- 5489) ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया. साथ ही मजदूर रामबालक यादव गंभीर रूप से जख्मी हो गया. हादसे की सूचना मिलने पर मब्बी थानाध्यक्ष दीपक कुमार सदल-बल घटनास्थल पर पहुंचे. घायल मजदूर को इलाज के लिए डीएमसीएच भेजा, जहां इलाज के क्रम में मजदूर की मौत हो गयी. साथ ही ट्रक को जब्त कर थाना ले आया गया. पुलिस ने ट्रक चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










