"दूसरे से शादी हुई तो स्टेज पर चलेगी गोली और तेजाब से जला देंगे चेहरा" एक सिरफिरे आशिक की धमकी से 4 बार टूटा शादी का रिश्ता, FIR दर्ज
प्रतीकात्मक तस्वीर
एक युवती ने युवक पर दो साल से छेड़छाड़, जबरन शादी के दबाव और रिश्ता तुड़वाने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराई है. युवक के परिवार ने भी शादी न होने पर जान से मारने की धमकी दी. युवक की हरकतों के कारण युवती की चार बार शादी तय होने के बावजूद टूट गई.
Singhwaara Crime News: सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती ने एक युवक पर पिछले दो वर्षों से छेड़छाड़, अश्लील इशारे करने, जबरन शादी के लिए दबाव बनाने और शादी तय होने पर धमकी देकर रिश्ता तुड़वाने का आरोप लगाया है. युवती ने सिंहवाड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराकर मामले में कार्रवाई की मांग की है.
राह चलते अश्लील इशारे करने का लगाया आरोप
प्राथमिकी के अनुसार, युवती का आरोप है कि युवक पिछले करीब दो वर्षों से उसे राह चलते अभद्र एवं अश्लील इशारे करता है. वह कथित तौर पर युवती पर जबरन शादी करने का दबाव भी बनाता रहा.
युवती ने बताया कि लगातार हो रही कथित परेशानी के कारण उसके माता-पिता ने उसकी पढ़ाई तक छुड़वा दी. इसके बाद युवती के पिता ने युवक के घर जाकर मामले को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि युवक के परिजनों ने उनके साथ गाली-गलौज की और उन्हें वहां से भगा दिया.
परिवार को जान से मारने की धमकी का आरोप
शिकायत में युवती ने आरोप लगाया है कि युवक के परिजनों ने धमकी दी कि यदि उसकी शादी उनके लड़के से नहीं की गयी तो परिवार के लोगों को जान से मार दिया जाएगा और उन्हें जेल भी भिजवा दिया जाएगा.
युवती के अनुसार, पिछले दो वर्षों में उसकी चार बार शादी तय हुई, लेकिन हर बार युवक और उसके परिजनों की ओर से लड़के पक्ष को कथित तौर पर धमकी देने और शादी नहीं करने का दबाव बनाने के कारण रिश्ता टूट गया.
तेजाब फेंकने की भी धमकी देने का आरोप
युवती ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि उसे तेजाब फेंककर चेहरा खराब करने की धमकी दी गयी. उसने बताया कि 27 जुलाई को भी उसकी शादी तय हुई थी और दोनों पक्षों में शादी की तैयारी चल रही थी.
आरोप है कि सात अगस्त को युवक और उसके साथी लड़के वालों के घर पहुंचे और उन्हें जान से मारने की धमकी दी.
बारात आने पर गोली मारने की धमकी का आरोप
युवती के अनुसार, आरोपितों ने लड़के वालों को धमकी दी कि यदि बारात गांव में आयी तो स्टेज पर गोली मार दी जाएगी और किसी को गांव से वापस नहीं जाने दिया जाएगा.
इसके बाद लड़के वालों ने शादी करने से इनकार कर दिया, जिसके कारण रिश्ता एक बार फिर टूट गया.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना के संबंध में सिंहवाड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. थानाध्यक्ष वसंत कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच का जिम्मा दारोगा दिलीप कुमार को सौंपा गया है. पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: हर घर तिरंगा अभियान के तहत 13 अगस्त को बहादुरपुर में निकलेगी तिरंगा रैली, हुआ पूर्वाभ्यास
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










