शादी समारोह में शामिल युवक की निर्मम हत्या, सुबह झोपड़ी के पास मिला शव
घटनास्थल पर जांच-पड़ताल करती पुलिस.
देउरी गांव में एक शादी समारोह में डीजे पर नाच रहे 20 वर्षीय युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। सुबह झोपड़ी के पास मिले शव पर चाकू से वार के निशान मिले हैं। पुलिस प्रेम प्रसंग के एंगल से जांच कर रही है।
Ghanshyampur Crime News: घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के देउरी गांव में बुधवार अहले सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान गांव निवासी 20 वर्षीय मो. दिलशाद के रूप में हुई है. वह गांव में आरिफ की पुत्री के शादी समारोह में शामिल होने गया था. सुबह शादी स्थल से करीब 100 गज की दूरी पर आरिफ की झोपड़ी के पास उसका शव मिला. प्रारंभिक जांच में युवक की हत्या किए जाने की आशंका जतायी जा रही है.
रात दो बजे तक दोस्तों के साथ डीजे पर किया डांस
बताया जाता है कि मो. दिलशाद मंगलवार रात गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गया था. स्थानीय लोगों के अनुसार, वह रात करीब दो बजे तक दोस्तों के साथ डीजे की धुन पर डांस कर रहा था. इस दौरान उसके नशे में होने की बात भी सामने आ रही है.
इसके बाद बुधवार अहले सुबह शादी स्थल से कुछ दूरी पर उसका शव मिला. शव मिलने की सूचना फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गये.
शरीर पर चाकू के वार के निशान
घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रभाकर तिवारी, इंस्पेक्टर महफूज आलम, घनश्यामपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार, जमालपुर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, बड़गांव थाना के सुशील कुमार राय समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची.
पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस के अनुसार, युवक के शरीर के कई हिस्सों पर चाकू से वार किए जाने के निशान मिले हैं. सिर पर भी गंभीर चोट के निशान हैं.
चापाकल का हैंडिल खुला मिला, हत्या की आशंका
घटनास्थल के पास लगे चापाकल का हैंडिल भी खुला मिला. इससे पुलिस को आशंका है कि हमलावरों ने इसी से युवक के सिर पर वार किया होगा. प्रारंभिक जांच में युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने की आशंका जतायी गयी है.
हालांकि, मौत के वास्तविक कारण और घटना में इस्तेमाल हथियार की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी.
प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है मामला
स्थानीय स्तर पर घटना को प्रेम प्रसंग से जोड़कर भी देखा जा रहा है. आशंका जतायी जा रही है कि किसी विवाद या साजिश के तहत युवक की हत्या की गयी है. हालांकि, पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है.
एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है. मृतक के मुंह पर चाकू से वार के निशान मिले हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण और घटना का पूरा खुलासा हो सकेगा. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
परिवार में मचा कोहराम
दिलशाद की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. मृतक की मां रोजिदा का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया जाता है कि दिलशाद चार भाइयों में सबसे छोटा था.
पुलिस घटना में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है. पुलिस ने शादी समारोह में मौजूद लोगों और मृतक के दोस्तों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें
बहेड़ा कॉलेज में गर्मी से परेशान परीक्षार्थियों ने किया हंगामा, प्रधानाचार्य कक्ष की बिजली काटी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










