दरभंगा: रामनगर ग्रिड में 50 एमवीए का ट्रांसफार्मर खराब, चार उपकेंद्रों को रोटेशन से बिजली
Published by : Sarfaraz Ahmad Updated At : 03 Jun 2026 9:37 PM
प्रतीकात्मक तस्वीर
दरभंगा के रामनगर ग्रिड में 50 एमवीए का पावर ट्रांसफार्मर खराब होने से चार उपकेंद्रों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई है. विभाग ने पीक आवर में रोटेशन के आधार पर बिजली देने का निर्णय लिया है. पढ़ें पूरी खबर...
दरभंगा से संतोष कुमार मंडल की रिपोर्ट
Darbhanga News: दरभंगा के रामनगर ग्रिड सब-स्टेशन में लगा 50 एमवीए का पावर ट्रांसफार्मर खराब हो जाने से चार उपकेंद्रों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई है. बढ़े हुए लोड को नियंत्रित करने के लिए बिजली विभाग ने रोटेशन के आधार पर बिजली देने का निर्णय लिया है.
चार उपकेंद्रों में लागू की गई रोटेशन व्यवस्था
बिजली विभाग के अनुसार अनार, हायाघाट, घोसरामा और हथौड़ी उपकेंद्रों से जुड़े इलाकों में शाम के पीक आवर के दौरान रोटेशन से बिजली आपूर्ति की जाएगी. शाम छह बजे से रात 10 से 11 बजे तक सभी फीडरों को बारी-बारी से एक-एक घंटे बिजली दी जाएगी.
विभाग का कहना है कि ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण लोड बढ़ गया है. ऐसे में सभी क्षेत्रों में सीमित और समान बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है.
एक सप्ताह से खराब है पावर ट्रांसफार्मर
सूत्रों के अनुसार पावर ट्रांसफार्मर पिछले करीब एक सप्ताह से खराब है. भीषण गर्मी के कारण बिजली की मांग बढ़ने से शाम के समय अतिरिक्त लोड पड़ रहा है. इसी वजह से ग्रिड से लोड शेडिंग के माध्यम से बिजली आपूर्ति की जा रही है.
जानकारी के मुताबिक नया ट्रांसफार्मर लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इसके लिए आवंटन भी मिल चुका है और ट्रांसमिशन स्तर पर आवश्यक संविदा प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
जेल उपकेंद्र की आपूर्ति भी प्रभावित
खराब ट्रांसफार्मर का असर जेल उपकेंद्र पर भी पड़ा है. मंगलवार शाम सैदनगर और रूरल फीडर में आधे-आधे घंटे की लोड शेडिंग की गई, जबकि एकमी फीडर पर एक-एक घंटे की बिजली कटौती की गई. यह प्रक्रिया सुबह करीब 4:30 बजे तक जारी रही.
विभाग ने जारी की एडवाइजरी
बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कुछ आवश्यक सुझाव जारी किए हैं:
- बिजली आने के एक घंटे के भीतर मोटर चलाकर पानी भर लें.
- मोबाइल, इन्वर्टर और इमरजेंसी लाइट तुरंत चार्ज कर लें.
- रोटेशन अवधि में एसी, हीटर और मोटर जैसे भारी विद्युत उपकरणों का कम उपयोग करें.
- किसी भी समस्या के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1912 पर संपर्क करें.
विभाग ने आश्वासन दिया है कि ट्रांसफार्मर ठीक होते ही सामान्य बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sarfaraz Ahmad
सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










