नाबालिग अपहरण मामले में फरार आरोपितों के घर चिपकाया इश्तेहार, कुर्की की चेतावनी
मधुबनी जिले के बहेटा गांव में आरोपी के घर इश्तिहार चिपकताते पुलिस | Prabhat Khabar Network
बिरौल थाना क्षेत्र से 4 अप्रैल को लापता हुई 17 वर्षीय नाबालिग के मामले में पुलिस ने फरार आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. मुख्य आरोपितों के घर इश्तेहार चिपकाए गए हैं और चेतावनी दी गई है कि हाजिर न होने पर कुर्की-जब्ती की जाएगी. पुलिस लापता नाबालिग की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही है.
Biraul News: बिरौल थाना क्षेत्र से 4 अप्रैल को लापता हुई 17 वर्षीय नाबालिग के मामले में पुलिस ने फरार आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. कांड के अनुसंधानकर्ता सहायक अवर निरीक्षक (सअनि) प्रेम कुमार राय ने मधुबनी जिले के बेहटा थाना क्षेत्र के खजौली गांव पहुंचकर मुख्य आरोपित और उसके परिजनों के घर इश्तेहार चिपकाया.
अपहरण का मामला दर्ज, पांच लोगों को बनाया गया आरोपित
पीड़ित पक्ष ने बिरौल थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया था कि बेहड़ा निवासी सुमित साहु, उसके पिता मनोज साहु, भाई विमल साहु और भाभी रूपा देवी ने उनकी पुत्री को कथित रूप से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए. आवेदन में रुपये का प्रलोभन देने और नशीला पदार्थ खिलाने का भी आरोप लगाया गया था. मामले में चंदा देवी को भी नामजद किया गया था.
आवेदन के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
फरार मिलने पर चिपकाया गया इश्तेहार
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान सभी आरोपित अपने घर से फरार मिले. इसके बाद न्यायालय की प्रक्रिया के तहत उनके घरों पर इश्तेहार चिपकाकर निर्धारित समय के भीतर थाने में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है.
हाजिर नहीं होने पर होगी कुर्की-जब्ती
थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि यदि इश्तेहार की अवधि समाप्त होने के बाद भी आरोपित उपस्थित नहीं होते हैं, तो उनके विरुद्ध न्यायालय के आदेश के अनुसार कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने बताया कि लापता नाबालिग की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और मामले की जांच जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By शंकर कुमार सहनी
शंकर कुमार सहनी 20 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. लोकल टेलीविजन चैनल से लेकर राष्ट्रीय समाचार पत्रों तक में कार्य कर चुके शंकर राजनीति, अपराध और धर्म-संस्कृति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










