मां की मौत के दो महीने बाद बेटे की भी दर्दनाक मौत, अज्ञात वाहन की ठोकर से 21 वर्षीय युवक ने तोड़ा दम
शव का प्रतीकात्मक फोटो
दरभंगा-जयनगर मुख्य सड़क मार्ग पर एक दुखद सड़क हादसे में 21 वर्षीय रवि कुमार कामत की जान चली गई. यह घटना रवि की मां की मृत्यु के केवल दो महीने बाद हुई है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
Keoti News: दरभंगा-जयनगर मुख्य सड़क मार्ग एनएच-527बी पर थाना क्षेत्र के हाजीपुर चौक से आगे मोहनी पुल के समीप शनिवार देर रात अज्ञात वाहन की ठोकर से बाइक सवार 21 वर्षीय युवक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान लदारी गांव निवासी सुरेंद्र कामत के पुत्र रवि कुमार कामत के रूप में हुई है. हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया.
देर रात तक घर नहीं लौटा तो शुरू हुई खोजबीन
परिजनों के अनुसार, रवि कुमार कामत शनिवार को बाइक से खिरमा बाजार गया था. देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की.
इसी दौरान किसी व्यक्ति ने सूचना दी कि मोहनी पुल के पास सड़क किनारे एक युवक गंभीर हालत में पड़ा हुआ है. परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो घायल युवक की पहचान रवि कुमार कामत के रूप में हुई.
डीएमसीएच ले जाने के बाद चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल रवि कुमार कामत को इलाज के लिए डीएमसीएच पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रवि की बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी थी. वाहन की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है.
दो महीने पहले हुई थी मां की मौत
बताया गया कि रवि कुमार कामत की मां नीतू कुमारी की भी करीब दो महीने पहले मौत हो गयी थी. अब बेटे की सड़क हादसे में मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
रवि कुमार मजदूरी करता था, जबकि उसके पिता सुरेंद्र कामत राजमिस्त्री का काम करते हैं. मृतक तीन भाइयों में मंझला था.
गांव पहुंचा शव तो मचा कोहराम
पोस्टमार्टम के बाद रवि कुमार कामत का शव गांव पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. लगातार दो महीने के भीतर पत्नी और पुत्र की मौत से सुरेंद्र कामत का परिवार गहरे सदमे में है.
यह भी पढ़ें
कुशेश्वरस्थान धाम में सावन की भीड़ के बीच महिला के गले से सोने की चेन चोरी, CCTV में कैद हुई संदिग्ध
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By विजय कुमार गुप्ता
विजय कुमार गुप्ता 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ये सामाजिक, राजनीतिक और आपराधिक नब्ज को करीब से समझते हैं. इन्हें डिजिटल मीडिया में नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल के साथ प्रयोग करना बेहद पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










