हल्की बारिश में दिल्ली मोड़ बस स्टैंड बना दलदल, यात्रियों की बढ़ी परेशानी

Updated:
विज्ञापन

कीचड़ और जलजमाव से बदहाल दिल्ली मोड़ बस स्टैंड.

दिल्ली मोड़ बस स्टैंड की बदहाल स्थिति यात्रियों के लिए मुसीबत बनी हुई है. हल्की सी बारिश में पूरा परिसर कीचड़ से लबालब हो जाता है, जिससे यात्रियों को बस तक पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है. स्थायी समाधान की मांग जोर पकड़ रही है.

विज्ञापन

Delhi Mor Bus Stand: शहर के प्रमुख यात्री पड़ावों में शामिल दिल्ली मोड़ बस स्टैंड की स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है. सोमवार को हुई हल्की बारिश ने बस स्टैंड की जर्जर व्यवस्था की पोल खोल दी. पूरे परिसर में कीचड़ और जलजमाव के कारण यात्रियों, बस चालकों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

प्रवेश मार्ग से लेकर बस पार्किंग तक कीचड़

बस स्टैंड के प्रवेश मार्ग से लेकर बसों के खड़े होने वाले स्थान तक चारों ओर कीचड़ फैला हुआ है. सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है और मिट्टी दलदल में तब्दील हो गई है. ऐसे में यात्रियों को सामान लेकर पैदल चलने में भी कठिनाई हो रही है. कई स्थानों पर फिसलन के कारण लोग संभलकर चलने को मजबूर हैं. महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है.

हल्की बारिश में ही बिगड़ जाती है स्थिति

स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि थोड़ी सी बारिश होते ही पूरा बस स्टैंड कीचड़ से भर जाता है. बसों के लगातार आवागमन से सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है. कई बार कीचड़ में वाहन फंसने की नौबत आ जाती है और यात्रियों के कपड़े तक गंदे हो जाते हैं. बरसात के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती है.

बस तक पहुंचना बना चुनौती

बस का इंतजार कर रहे यात्रियों ने बताया कि बस स्टैंड पर न तो समुचित जल निकासी की व्यवस्था है और न ही पक्की सड़क. कीचड़ के बीच बस तक पहुंचना किसी चुनौती से कम नहीं है. कई यात्री मजबूरी में सड़क किनारे खड़े होकर बस का इंतजार करते हैं ताकि कीचड़ से बच सकें.

राजस्व देने वाला बस स्टैंड, फिर भी बदहाल

दिल्ली मोड़ बस स्टैंड से प्रतिदिन बड़ी संख्या में बसों का परिचालन होता है और यहां से प्रशासन को राजस्व भी प्राप्त होता है. इसके बावजूद वर्षों से आधारभूत सुविधाओं की अनदेखी की जा रही है. नियमित मरम्मत, जल निकासी और पक्की सड़क की व्यवस्था नहीं होने से बस स्टैंड की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है.

स्थानीय लोगों ने की स्थायी समाधान की मांग

स्थानीय लोगों, दुकानदारों और यात्रियों ने जिला प्रशासन एवं नगर निगम से बस स्टैंड का शीघ्र जीर्णोद्धार कराने, पक्की सड़क बनाने, जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पूरे परिसर को व्यवस्थित करने की मांग की है. उनका कहना है कि समय रहते सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो पूरे बरसात के मौसम में यात्रियों की परेशानी और बढ़ जाएगी.


विज्ञापन
Ashok Kumar Jha

लेखक के बारे में

By Ashok Kumar Jha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन