दरभंगा में 5वें दिन भी सफाई कर्मियों की हड़ताल जारी, बारिश के बाद बढ़ीं परेशानियां
वार्ड 10 में घर के निकट प्वाइंट पर जमा कूडा का ढ़ेर हड़ताल पर बैठे निगम कर्मीगण | Prabhat Khabar Network
दरभंगा नगर निगम के कर्मचारी अपनी तीन सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं, जो आज पांचवें दिन भी जारी है. इस हड़ताल के कारण शहर के 48 वार्डों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है, जिससे सड़कों पर कूड़े का अंबार लग गया है और महामारी का खतरा बढ़ गया है.
Nagar Nigam News: दरभंगा में तीन सूत्री मांगों को लेकर महासंघ संयुक्त मोर्चा संघ के बैनर तले नगर निगम के संविदा और दैनिक कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल सोमवार को पांचवें दिन भी जारी रही. कर्मचारी निगम परिसर में लगातार धरने पर डटे रहे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने सेवा नियमितीकरण, ठेका प्रथा की समाप्ति और समान काम का समान वेतन देने की अपनी प्रमुख मांगों को दोहराया.
48 वार्डों में पसरी गंदगी, सड़कों पर लगा कूड़े का अंबार
हड़ताल लंबी खिंचने के कारण शहर के हालात दिन-ब-दिन बेहद गंभीर होते जा रहे हैं. पिछले पांच दिनों से सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप रहने के चलते शहर के सभी 48 वार्डों की सड़कों, गलियों और चिन्हित कचरा प्वाइंटों पर कूड़े के ऊंचे-ऊंचे ढेर लग गए हैं.सोमवार को हुई हल्की बूंदा-बांदी ने आम जनता की परेशानियों को और अधिक बढ़ा दिया. बारिश के कारण सड़कों पर फैली गंदगी भीगकर कीचड़ में तब्दील हो गई, जिससे राहगीरों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है.
सड़ते कचरे से दुर्गंध, मंडराया महामारी का खतरा
जगह-जगह जमा कचरे के सड़ने से उठ रही तेज दुर्गंध के कारण लोगों का सांस लेना मुश्किल हो गया है. गली-मोहल्लों में कचरा प्वाइंट के समीप रहने वाले परिवारों को घरों के भीतर भोजन करना भी असहनीय हो रहा है. इसके अलावा, कचरे पर भिनभिनाती मक्खियों और आवारा पशुओं के जमावड़े ने स्थिति को और विकट बना दिया है.सबसे चिंताजनक बात यह है कि कई स्थानों पर मृत पशुओं के शव पड़े हुए हैं, जिनमें कीड़े पड़ गए हैं. इससे पूरे इलाके में संक्रामक बीमारियां और महामारी फैलने का गंभीर खतरा मंडराने लगा है. नगर निगम परिसर की स्थिति भी बदतर बनी हुई है, जहाँ कार्यालय के आसपास कचरा और गंदा पानी जमा है.
हड़ताली कर्मियों का दोटूक रुख
हड़ताल पर बैठे कर्मियों ने अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा है कि जब तक पूरे बिहार राज्य में एक साथ उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक यह आंदोलन किसी भी कीमत पर वापस नहीं लिया जाएगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए