वाहन जांच के दौरान मधुबनी से चोरी हुई बाइक बरामद, दो शातिर गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

वाहन जांच के दौरान मधुबनी से चोरी हुई बाइक बरामद, दो शातिर गिरफ्तार

दरभंगा पुलिस ने मधुबनी से चोरी हुई एक बाइक को वाहन जांच के दौरान बरामद किया है. शक होने पर भागे दो युवकों को खदेड़कर पकड़ा गया, जिनकी पहचान शातिर चोर के रूप में हुई है.

विज्ञापन

Darbhanga bike theft: मधुबनी जिले के अन्हराठाढ़ी से अप्रैल महीने में चोरी हुई बाइक को दरभंगा जिले की कमतौल थाना पुलिस ने सफलतापूर्वक बरामद कर लिया है. वाहन जांच के दौरान पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों को खदेड़कर पकड़ा. आवश्यक कागजातों की जांच और पूछताछ के बाद प्राथमिकी दर्ज करते हुए पुलिस अभिरक्षा में दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.

विशेष वाहन जांच के दौरान हत्थे चढ़े आरोपी

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने बताया कि एसएच 75 पर बीसो बीघा के पास पुलिस टीम द्वारा विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक संदिग्ध हीरो स्प्लेंडर बाइक आती हुई दिखाई दी.पुलिस बल को देखते ही बाइक सवार युवकों ने गाड़ी मोड़कर भागने की कोशिश की. हालांकि, तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को खदेड़कर धर दबोचा.

चेसिस और इंजन नंबर से खुली चोरी की पोल

पुलिस द्वारा की गई कड़ाई से पूछताछ में पता चला कि यह बाइक अप्रैल 2026 में मधुबनी जिले के अन्हराठाढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत रजनपुर पंचायत से चोरी की गई थी. चोरों ने पुलिस से पहचान छिपाने के लिए बाइक की असली नंबर प्लेट हटा दी थी. हालांकि, जब पुलिस ने वाहन के चेसिस और इंजन नंबर का मिलान किया, तो बाइक की असल पहचान सामने आ गई.

गिरफ्तार आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास

गिरफ्तार किए गए दोनों युवकों की पहचान कमतौल थाना क्षेत्र के मधपुर निवासी 22 वर्षीय राम जपो झा और मधुबनी जिले के बिस्फी थाना क्षेत्र के सदल्लहपुर पोखरौनी निवासी 26 वर्षीय मिंटू सहनी के रूप में हुई है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों आरोपी शातिर चोर हैं और पूर्व में भी चोरी के विभिन्न मामलों में जेल जा चुके हैं.फिलहाल, प्रपुअनि पुष्प राज भारती के लिखित आवेदन के आधार पर कमतौल थाने में कांड दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.


विज्ञापन
Shivendra Kumar Shar

लेखक के बारे में

By Shivendra Kumar Shar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन