Darbhanga News: मायके जा रही महिला से टैम्पो सवार बदमाशों ने लूटे 70 हजार रुपये, विरोध करने पर चलती टैम्पो से धकेला

Updated:
विज्ञापन
Darbhanga News: मायके जा रही महिला से टैम्पो सवार बदमाशों ने लूटे 70 हजार रुपये, विरोध करने पर चलती टैम्पो से धकेला

मायके जा रही महिला से टैम्पो सवार बदमाशों ने लूटे 70 हजार रुपये

DarbhangaNews:दरभंगा के रैयाम थाना क्षेत्र में मायके जा रही महिला से टैम्पो सवार बदमाशों ने 70 हजार रुपये लूट लिए. विरोध करने पर बदमाशों ने महिला को टैम्पो से नीचे फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं.पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

Darbhanga News:दरभंगा जिले के रैयाम थाना क्षेत्र अंतर्गत फुलकाही चौक के समीप देर शाम अपराधियों के हौसले बुलंद दिखे. यहाँ एक टैम्पो पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने 53 वर्षीय महिला मुक्ता देवी से 70 हजार रुपये नकद छीन लिए. इतना ही नहीं, बदमाशों ने क्रूरता दिखाते हुए महिला को चलती टैम्पो से नीचे धकेल दिया और मौके से फरार हो गए. घटना के बाद जख्मी महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

सूद के पैसे वापस करने मायके जा रही थी पीड़ित महिला

पीड़ित महिला की पहचान केवटी थाना क्षेत्र के चकभवानी कोनहा निवासी जगदीश ठाकुर की पत्नी मुक्ता देवी के रूप में हुई है. वह अपने घर से 70 हजार रुपये लेकर अपने मायके छोटाई पट्टी स्थित बैजू ठाकुर के घर जा रही थीं. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) केवटी रनवे में उपचार के दौरान जख्मी मुक्ता देवी ने बताया कि उन्होंने यह रकम अपने मायके के ही एक व्यक्ति से सूद (ब्याज) पर ली थी. वह उसी कर्ज के पैसे को वापस लौटाने के लिए मायके जा रही थीं, लेकिन रास्ते में ही इस खौफनाक छिनतई की घटना का शिकार हो गईं.

टैम्पो में बिछाया जाल, होश आने पर स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल

पीड़ित महिला ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वह केवटी अस्पताल के समीप से एक टैम्पो पर सवार होकर जा रही थीं. इसी दौरान रैयाम थाना क्षेत्र के फुलकाही चौक के पास टैम्पो में पहले से सवार तीन युवकों ने उनके पास मौजूद 70 हजार रुपये छीनने की कोशिश की. जब उन्होंने विरोध किया, तो बदमाशों ने पैसे छीनकर उन्हें टैम्पो से नीचे फेंक दिया. सड़क पर गिरने के कारण महिला बेहोश हो गईं. होश आने पर स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें दूसरे टैम्पो से इलाज के लिए सीएचसी केवटी रनवे में भर्ती कराया.

थानाध्यक्ष बोले- कल पीड़ित को थाने भेजें, करेंगे कार्रवाई

इस संबंध में जब रैयाम थानाध्यक्ष रोशन कुमार टू से पूछा गया, तो उन्होंने शुरुआत में कहा कि उन्हें इस घटना की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है. इसके बाद स्थानीय लोगों द्वारा पीड़ित महिला से मोबाइल फोन पर थानाध्यक्ष की बात कराई गई. मामले को सुनने के बाद थानाध्यक्ष ने परिजनों से कहा कि कल पीड़ित महिला को लिखित आवेदन के साथ थाने भेज दीजिए, जिसके बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

दरभंगा के केवटी से विजय कुमार गुप्ता की रिपोर्ट

विज्ञापन
Sumit Kumar

लेखक के बारे में

By Sumit Kumar

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन