Darbhanga News: बच्चों के झगड़े ने लिया खूनी रूप, बीच-बचाव करने गए युवक की गला दबाकर हत्या

Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 13 May 2026 4:39 PM

विज्ञापन

विलाप करते परिजन

Darbhanga News: दरभंगा के आसी गांव में बच्चों के मामूली विवाद में सुचित कुमार साहू की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम छाया है...

विज्ञापन

Darbhanga News: दरभंगा जिला के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के आसी गांव में मंगलवार की रात बच्चों के मामूली विवाद ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़दिया. दो बच्चों के आपसी झगड़े में हस्तक्षेप करने गए 37 वर्षीय युवक सुचित कुमार साहू की दूसरे पक्ष ने गला दबाकर और पीट-पीटकर हत्या कर दी. इस घटना के बाद गांव में तनाव और शोक का माहौल है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

साइकिल चलाने को लेकर शुरू हुआ था विवाद

जानकारी के अनुसार, मृतक सुचित कुमार साहू का भतीजा आदित्य कुमार साइकिल से आसी चौक की ओर जा रहा था. इसी दौरान आरोपी रामविलास महतो के पुत्र के साथ उसका विवाद हो गया. आरोपी के पुत्र ने अपने पिता से शिकायत की कि आदित्य ने उसे मारा है. इसी बात को लेकर रामविलास महतो और उसका परिवार उग्र हो गया और आदित्य के साथ मारपीट करने लगा.

बीच-बचाव करने पर हुआ जानलेवा हमला

जब सुचित कुमार साहू अपने भतीजे को बचाने पहुंचे, तो आरोपी रामविलास महतो और उसके भाई रामकुमार महतो ने उन पर हमला बोल दिया. आरोप है कि दोनों भाइयों ने सुचित का गला दबा दिया और घूंसे-मुक्कों से ताबड़तोड़ प्रहार किए. गंभीर रूप से जख्मी सुचित को परिजन तुरंत बिरौल अनुमंडलीय अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

आरोपी गिरफ्तार, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि मामले में दो लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसमें से मुख्य आरोपी रामविलास महतो को गिरफ्तार कर लिया गया है. बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद जब सुचित का शव गांव पहुंचा, तो कोहराम मचगया. मृतक अपने पीछे पत्नी अंजू देवी और तीन छोटे पुत्रों को छोड़ गया है. वह गांव में ही किराना दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था. अब परिवार के सामने भविष्य और बच्चों की परवरिश का बड़ा संकट खड़ा हो गया है.

दरभंगा गौड़ाबौराम से मनोज कुमार की रिपोर्ट

विज्ञापन
SUMIT KUMAR

लेखक के बारे में

By SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन