Darbhanga: चेन छिनतई का विरोध करने पर दुकानदार की गोली मारकर हत्या, इलाके में तनाव

Updated:
विज्ञापन
Darbhanga News university police station firing shopkeeper killed chain snatching protest

प्रतीकात्मक तस्वीर

Darbhanga News: जिले के हसन चौक पर चेन छिनतई का विरोध करने पर अपराधियों ने दुकानदार श्रवण कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के विरोध में लोगों ने टायर जलाकर प्रदर्शन किया है. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

दरभंगा से कुमार रौशन की रिपोर्ट

Darbhanga News: विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के हसन चौक स्थित दुर्गा मंदिर के पास बुधवार सुबह अपराधियों ने तांडव मचाया. चेन छिनतई का विरोध करने पर बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान श्रवण कुमार के रूप में हुई है, जो विश्वविद्यालय परिसर में चाय-नाश्ते की दुकान चलाते थे. इस घटना के बाद पूरे इलाके में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है.

चेन झपटने का विरोध पड़ा महंगा

जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने पहले स्थानीय निवासी अमित कुमार को निशाना बनाया, जो सुबह दूध लेने निकले थे. बाइक सवार दो बदमाशों ने अमित के गले से सोने की चेन छीनने की कोशिश की. जब अमित ने विरोध किया, तो अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए तीन राउंड फायरिंग की. अमित तो बाल-बाल बच गए, लेकिन भागते समय अपराधियों ने सामने आए श्रवण कुमार के सीने में गोली दाग दी.

डीएमसीएच में इलाज के दौरान तोड़ा दम

खून से लथपथ श्रवण को स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (DMCH) ले जाया गया. हालांकि, जख्म इतना गहरा था कि इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. श्रवण की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. वह अपने परिवार के सीधे-साधे और मेहनती सदस्य थे, जिनकी हत्या से लोग मर्माहत हैं.

सड़क पर आगजनी और प्रदर्शन

वारदात के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने हसनचक के पास सड़क पर टायर जलाकर आवागमन ठप कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की. लोगों का कहना है कि शहर में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब लोग सुबह टहलने में भी डर रहे हैं.

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

विश्वविद्यालय थाना की पुलिस ने मौके पर पहुँचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है और दावा किया गया है कि जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

विज्ञापन
अनिकेत कुमार

लेखक के बारे में

By अनिकेत कुमार

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन