Darbhanga News: घर की खुशियां मातम में बदली, एक साथ बुझे घर के दो चिराग
सदमें में परिजन
Darbhanga News: दरभंगा के दो सगे भाइयों की पुणे में सड़क हादसे में मौत हो गई. 20 दिन पहले मजदूरी करने गए मुर्तुजा और अरशद का शव जब सोमवार को गांव पहुंचा, तो कोहराम मच गया. गर्भवती पत्नी और बूढ़े माता-पिता का बुरा हाल है. जानिए खबर विस्तार से…
Darbhanga News: जिले के बड़गांव थाना क्षेत्र अंतर्गत बौराम गांव में सोमवार को उस वक्त मातमी सन्नाटा पसर गया, जब दो गे भाइयों का शव एक साथ गांव पहुंचा. मजदूरी करने पुणे गए इन दोनों भाइयों की मौत एक सड़क हादसे में हो गई थी. जैसे ही दोनों के पार्थिव शरीर गांव पहुंचे, परिजनों के चीख-पुकार से पूरा इलाका दहल उठा. मृतकों को अंतिम विदाई देने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी.
20 दिन पहले ही गए थे पुणे
जानकारी के अनुसार, बौराम गांव निवासी मो. हुसैन के पुत्र मुर्तुजा (22) और अरशद (20) ईद के बाद करीब 20 दिन पहले ही अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए महाराष्ट्र के पुणे गए थे. वहां दोनों भाई एक होटल में काम कर रहे थे. बीते एक मई 2026 की दोपहर दोनों भाई बाइक से खाना खाने के लिए अपने डेरे पर जा रहे थे, तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.
उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया. मुर्तुजा की शादी हो चुकी थी और उसकी पत्नी सबिला खातून वर्तमान में गर्भवती है. वहीं, छोटे भाई अरशद की शादी साल 2027 में होने वाली थी. मो. हुसैन के 6 बेटे और 4 बेटियां हैं, जिनमें से दो जवान बेटों की मौत ने माता-पिता की कमर तोड़ दी है.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतकों की मां अमीना खातून और भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है. बुढ़ापे का सहारा छिन जाने के गम में माता-पिता बार-बार बेहोश हो रहे हैं. गांव के हर शख्स की आंखें इस हृदयविदारक घटना को देख नम हैं.
दरभंगा से मनोज कुमार साह की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










