दरभंगा: पंचायत में जन सहयोग शिविर की शुरुआत, विधायक ने सुनीं लोगों की समस्याएं

Updated:
विज्ञापन

सोनकी पंचायत सरकार भवन में आयोजित जन सहयोग शिविर में लोगों की समस्याएं सुनते विधायक राजेश कुमार

Darbhanga News: दरभंगा सदर के सोनकी पंचायत सरकार भवन में आयोजित जन सहयोग शिविर में विधायक ईश्वर मंडल ने लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया. वहीं धोई पंचायत में अव्यवस्था को लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई. जानिए खबर विस्तार से...

विज्ञापन

दरभंगा सदर से अशोक झा की रिपोर्ट

Darbhanga News: बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन के तत्वावधान में मंगलवार को दरभंगा सदर प्रखंड की सोनकी पंचायत सरकार भवन में जन सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. मुखिया बबीता देवी की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में दरभंगा ग्रामीण के विधायक राजेश कुमार मंडल उर्फ ईश्वर मंडल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उन्होंने आम लोगों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया. शिविर में कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट समाधान करने का प्रयास किया गया.

स्वास्थ्य कैंप में लोगों को बांटी गई दवाइयां

शिविर में विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई. प्रखंड पीएचसी की ओर से लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में लोगों के बीच दवाइयों का वितरण किया गया. स्वास्थ्य प्रबंधक दीपक कुमार की देखरेख में स्वास्थ्य कैंप का संचालन हुआ. इस दौरान 20 सूत्री अध्यक्ष घनश्याम कुमार राय, मुखिया पति बैद्यनाथ मंडल, उपवन कुमार, किसलय यादव, परमेश्वर सदाय, चंदन राय समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. जिला प्रशासन की ओर से अंचलाधिकारी रंधीर कुमार, पंचायती राज पदाधिकारी करुणा कश्यप, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे.

धोई पंचायत में अव्यवस्था से नाराज दिखे ग्रामीण

इधर, धोई पंचायत भवन में आयोजित जन सहयोग शिविर अव्यवस्था की भेंट चढ़ता नजर आया. निर्धारित समय सुबह नौ बजे से शिविर शुरू होना था, लेकिन विधायक ईश्वर मंडल करीब 10 बजे पहुंचे. स्थानीय लोगों के अनुसार शिविर स्थल पर न तो बैठने के लिए पर्याप्त कुर्सियां थीं, न टेबल और न ही विभिन्न विभागों के काउंटर व्यवस्थित ढंग से लगाए गए थे. हालांकि विधायक ने वहां भी लोगों की समस्याएं सुनीं, लेकिन अव्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई. लोगों ने भविष्य में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की.

विज्ञापन
Purushottam Kumar

लेखक के बारे में

By Purushottam Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन