एयरटेल टावर में स्मैक कारोबार का मुख्य आरोपित गिरफ्तार, सहरसा तक जुड़े तार
मुख्य गिरफ्तार आरोपी दीपू कामत | Prabhat Khabar Network
बिरौल पुलिस ने एयरटेल टावर परिसर में चल रहे स्मैक कारोबार के मुख्य आरोपित दीपू कामति को गिरफ्तार किया है. पुलिस की जांच में इस नशे के कारोबार के तार सहरसा से भी जुड़े होने की बात सामने आई है.
दरभंगा: बिरौल पुलिस ने डुमरी मोड़ स्थित एयरटेल टावर परिसर में चल रहे कथित स्मैक कारोबार के फरार मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपित की पहचान डुमरी गांव निवासी 25 वर्षीय दीपू कामति के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर की छापेमारी के दौरान वह अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था.
18 सितंबर की छापेमारी में फरार हो गया था आरोपित
मालूम हो कि 18 सितंबर की रात पुलिस ने एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी के नेतृत्व में एयरटेल टावर परिसर में छापेमारी की थी. इस दौरान कमरे से 1.68 ग्राम स्मैक बरामद होने की बात पुलिस ने बतायी थी. तलाशी में चाकू, ब्लेड, स्टील का चम्मच और नशा सेवन में इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक की बोतल भी मिली थी.
पुलिस ने मौके से टावर पर तैनात टेक्नीशियन लाला पटेल और महिला गार्ड कामनी देवी से पूछताछ की थी. मामले में लाला पटेल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था, जबकि मुख्य आरोपित बताये गये दीपू कामति मौके से फरार हो गया था.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने दीपू कामति को पकड़ा
फरारी के बाद से पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी. रविवार की सुबह मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दीपू कामति को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपित ने टावर कैंपस से ही स्मैक का कारोबार चलाने की बात स्वीकार की है. हालांकि, मामले में उसकी भूमिका और अन्य आरोपितों के संबंध में सामने आने वाले तथ्यों की जांच जारी है.
सहरसा तक जुड़े तार की जांच
थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि आरोपित को न्यायिक हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां मिली हैं. उन्होंने बताया कि इस कथित नशा कारोबार के तार सीमावर्ती जिला सहरसा से भी जुड़े होने की जानकारी सामने आयी है.
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस मामले में और कौन-कौन लोग जुड़े हैं. थानाध्यक्ष ने जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा करने की बात कही है.
यह भी पढ़ें
दरभंगा स्नातक सीट से जन सुराज के प्रत्याशी रवींद्र यादव, शिक्षा-रोजगार पर फोकस
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए