Darbhanga News: दरभंगा-समस्तीपुर रेल खंड के दोहरीकरण का काम पूरा: 120 की रफ्तार से दौड़ी ट्रेन

Published by : सुनील कुमार सिंह Updated At : 15 May 2026 10:37 AM

विज्ञापन

रेल लाइन का निरीक्षण करते अधिकारी

Darbhanga News: रेल खंड के दोहरीकरण का काम 10 साल बाद पूरा हो गया है. सीआरएस ने 120 किमी की रफ्तार से ट्रायल पूरा किया. अब ट्रेनों को क्रॉसिंग के लिए स्टेशनों पर रुकना नहीं पड़ेगा और सफर समय पर पूरा होगा. पढ़ें पूरी खबर..

विज्ञापन

Darbhanga News: मिथिलांचल के रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी और सुखद खबर है. दरभंगा-समस्तीपुर रेल खंड के दोहरीकरण (डबलिंग) का काम अब पूरी तरह संपन्न हो गया है. रेलवे के पूर्वी मंडल संरक्षा आयुक्त (CRS) गुरु प्रकाश ने इस खंड के अंतिम 12 किलोमीटर हिस्से का निरीक्षण किया. इस दौरान नई रेल लाइन पर 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से स्पेशल ट्रेन चलाकर स्पीड ट्रायल लिया गया, जो पूरी तरह सफल रहा.

तीन चरणों में पूरी हुई 38 किमी की परियोजना

बता दें कि 38 किमी लंबे इस रेल खंड के दोहरीकरण को तीन फेज में बांटा गया था. पहले दो चरणों में समस्तीपुर से किशनपुर और दरभंगा से थलवारा तक कुल 26 किमी का काम पहले ही पूरा हो चुका था. बीच का 12 किमी लंबा रामभद्रपुर-थलवारा खंड सिंगल लाइन होने के कारण ट्रेनों के परिचालन में बाधा बन रहा था. अब इस अंतिम खंड का काम भी पूरा हो गया है, जिससे पूरे 38 किमी ट्रैक पर ट्रेनों की आवाजाही सुगम हो जाएगी.

एक दशक का लंबा इंतजार हुआ खत्म

इस परियोजना की नींव साल 2015-16 के बजट में रखी गई थी. लगभग 380 करोड़ रुपये की इस योजना को पूरा होने में करीब 10 साल का वक्त लगा. बीच में मेजर पुलों के निर्माण और तकनीकी कारणों से थलवारा-रामभद्रपुर खंड का काम ठंडे बस्ते में रहा. अब फाइनल टच मिलने के बाद यात्रियों को क्रॉसिंग के लिए स्टेशनों पर बेवजह घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा.

समय की होगी बचत, ट्रेनों की बढ़ेगी रफ्तार

समस्तीपुर रेल मंडल के पीआरओ के अनुसार, सीआरएस से हरी झंडी मिलते ही नई लाइन पर ट्रेनों का विधिवत परिचालन शुरू हो जाएगा. इससे न केवल सवारी गाड़ियों बल्कि लंबी दूरी की ट्रेनों के समय पालन में बड़ा सुधार होगा. साथ ही इस रूट पर नई ट्रेनों के परिचालन की संभावनाएं भी बढ़ गई हैं. निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा समेत निर्माण विभाग के कई आला अधिकारी मौजूद थे.

दरभंगा से नवेन्दु की रिपोर्ट

विज्ञापन
सुनील कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन