Darbhanga: डांट से नाराज होकर उड़ गया पालतू तोता, गुस्सा शांत होने पर लौटा घर

पालतु तोता
Darbhanga News: दरभंगा के लक्ष्मीसागर में घरवालों की डांट से नाराज होकर पालतू तोता 'मीठी' घर छोड़कर उड़ गया. खुले आसमान में आजादी मिलने के बावजूद परिवार के प्रेम ने उसे एक घंटे बाद फिर से उसी घर में लौटने पर मजबूर कर दिया. पढे़ं पूरी खबर…
Darbhanga News: प्रेम और अपनापन केवल इंसानों तक सीमित नहीं है, बेजुबान पक्षी भी रिश्तों की अहमियत बखूबी समझते हैं. इसका एक बेहद भावुक उदाहरण शहर के लक्ष्मीसागर रोड नंबर छह स्थित एक परिवार में देखने को मिला. यहाँ एक पालतू तोता, जिसका नाम ‘मीठी’ है, घरवालों की डांट से नाराज होकर खुले आसमान में उड़ गया, लेकिन अपने परिवार के प्रति स्नेह के कारण एक घंटे बाद खुद ही वापस लौट आया.
शरारत पर मिली डांट तो हुए नाराज
परिजनों के अनुसार, मीठी पिछले कई वर्षों से इस घर का सदस्य बनकर रह रहा है. वह घर के हर सदस्य की आवाज पहचानता है और उनके साथ घुल-मिलकर रहता है. गुरुवार को मीठी ने कोई शरारत की थी, जिस पर घरवालों ने उसे हल्का डांट दिया. डांट से नाराज होकर वह अचानक घर से बाहर निकला और पास के एक नीम के पेड़ पर जाकर बैठ गया.
पेड़ से परिजनों को देता रहा आवाज
मीठी के उड़ जाने से परिवार में सन्नाटा पसर गया. बच्चे और महिलाएं उसे पुकारते रहे, लेकिन वह पेड़ पर बैठा रहा. करीब एक घंटे तक चले इस ‘संवाद’ के दौरान मीठी बीच-बीच में आवाजें निकालता रहा, मानो वह अपनी नाराजगी जाहिर कर रहा हो. परिजन उसे लगातार मनाने की कोशिश करते रहे.
आजाद आसमान से बड़ा निकला घर का प्यार
तकरीबन एक घंटे की मशक्कत के बाद मीठी का गुस्सा शांत हुआ और वह अचानक उड़कर वापस घर के अंदर आ गया. उसे लौटता देख बच्चों के चेहरे खिल उठे और सब उसे दुलारने लगे. स्थानीय लोगों ने भी इस घटना को काफी भावुक बताया. यह वाकया साबित करता है कि अगर बेजुबानों को भी प्यार मिले, तो वे आजादी के बजाय अपने इंसानी परिवार के साथ रहना ज्यादा पसंद करते हैं.
दरभंगा से अजय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aniket Kumar
अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










