Darbhanga News: यज्ञ मेले में पिस्टल लहराकर रील बनाना पड़ा भारी, तीन युवक गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन
Darbhanga News -kusheshwarsthan-bhinhua-yagya-mela-reel-firing-three-youth-arrested-with-pistol

कुशेश्वरस्थान थाना

Darbhanga News: कुशेश्वरस्थान पूर्वी अंतर्गत भिन्डुआ महाविष्णु यज्ञ मेले में हथियार लहराकर रील बनाने और हवाई फायरिंग करने वाले तीन युवकों को ग्रामीणों ने दबोच लिया. पुलिस ने पिस्टल और कारतूस के साथ तीनों को गिरफ्तार किया है. जानिए खबर विस्तार से…

विज्ञापन

 Darbhanga News: प्रखंड के भिन्डुआ गांव में आयोजित महाविष्णु यज्ञ मेले में बीती शुक्रवार की देर रात एक बड़ा व्यवधान सामने आया. मेला देखने आए तीन युवकों को पिस्टल और कारतूस के साथ यज्ञ समिति के स्वयंसेवकों ने रंगे हाथ दबोच लिया. पकड़े गए युवकों की पहचान कुशेश्वरस्थान बाजार निवासी कृष्णा साह के पुत्र गोलू कुमार साह, मदन कुमार साह के पुत्र सुमन कुमार साह और संतोष कुमार गुप्ता के पुत्र पीयूष गुप्ता के रूप में की गई है. स्वयंसेवकों ने तीनों को 112 नंबर पुलिस टीम के हवाले कर दिया.

रील बनाने और हवाई फायरिंग से फैली सनसनी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुशेश्वरस्थान बाजार से कुछ युवक भिन्डुआ मेले में आए थे. मेले की एक दुकान पर बज रहे ‘रंगदारी सॉन्ग’ पर युवकों ने धुआं वाली बिस्कुट खाते हुए और पिस्टल लहराते हुए रील बनाना शुरू कर दिया. युवकों की इस हरकत पर यज्ञ समिति के सदस्यों ने आपत्ति जताई और उन्हें मेले से बाहर जाने को कहा. इसके बाद युवक भिन्डुआ गांव की ओर जाने लगे और इसी दौरान उन्होंने दहशत फैलाने के उद्देश्य से एक हवाई फायरिंग कर दी.

पुलिस को सौंपे गए आरोपी

हवाई फायरिंग की आवाज से मेले में भगदड़ और दहशत का माहौल बन गया. यज्ञ समिति के स्वयंसेवकों ने बिना डरे युवकों को पकड़ने के लिए पीछा किया. भागमभाग के दौरान एक युवक पकड़ा गया, जिसने पिस्टल अपने साथियों की तरफ फेंक दी. जैसे ही उसके दो साथी पिस्टल उठाने के लिए रुके, स्वयंसेवकों ने उन दोनों को भी हथियार के साथ दबोच लिया. घटना की सूचना तुरंत 112 नंबर की पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस को पिस्टल, कारतूस और तीनों आरोपी सौंप दिए गए.

थाना अध्यक्ष का बयान, कानूनी कार्रवाई जारी

इस मामले को लेकर यज्ञ समिति के सदस्यों ने कुशेश्वरस्थान थाने में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. इस संबंध में पूछे जाने पर थाना अध्यक्ष गौरव प्रसाद ने बताया कि समिति से आवेदन प्राप्त हुआ है और इसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

दरभंगा के कुशेश्वरस्थान पूर्वी से संतोष पोद्दार की रिपोर्ट

विज्ञापन
Purushottam Kumar

लेखक के बारे में

By Purushottam Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन