Darbhanga: अंसारी चौक से जहांगीर टोल जाने वाली सड़क पर कीचड़ का अंबार, ग्रामीण परेशान

सड़क पर लगा कीचड़
Darbhanga News: दरभंगा के जाले प्रखंड में बारिश के बाद सड़कों पर भारी जलजमाव से ग्रामीण परेशान हैं. नरौछ गांव में जल निकासी की व्यवस्था न होने से सड़क पर कीचड़ जमा है, जिससे बीमारियों का खतरा और आवागमन बाधित हो रहा है. पढ़ें पूरी खबर…
Darbhanga News: जाले प्रखंड क्षेत्र में बीती रात हुई मूसलाधार बारिश ने स्थानीय प्रशासन के जल निकासी के दावों की पोल खोल दी है. विभिन्न पंचायतों की मुख्य सड़कों और गलियों में हुए भारी जलजमाव के कारण आम जनजीवन और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है. सबसे बदतर स्थिति राढ़ी दक्षिणी पंचायत के नरौछ गांव में देखने को मिल रही है, जहां अंसारी चौक से जहांगीर टोल और मिल्की जाने वाली सड़क पूरी तरह जलमग्न हो गई है.
गंदगी और कीचड़ के बीच चलने को मजबूर ग्रामीण
सड़क पर जमा गंदे पानी और कीचड़ ने राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. ग्रामीणों का कहना है कि समुचित ड्रेनेज सिस्टम नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर ही जमा रह जाता है. इससे न केवल आवागमन में बाधा आ रही है, बल्कि भीषण बदबू और मच्छरों के प्रकोप के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी मंडराने लगा है. लोगों को आशंका है कि अगर जल्द पानी नहीं निकाला गया, तो सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाएगी.
अतिक्रमण और तकनीकी पेंच के कारण रुका है नाला निर्माण
इस समस्या पर प्रतिक्रिया देते हुए स्थानीय मुखिया सुशील मिश्र ने बताया कि सड़क पर नाला निर्माण का प्रस्ताव पहले से तैयार है. हालांकि, प्रधानमंत्री सड़क होने के कारण विभागीय स्तर पर कार्य लंबित है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण और पास के खेतों की मेड़ को ऊंचा किए जाने के कारण प्राकृतिक जल निकासी बाधित हो गई है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने और नाला निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने की मांग की है.
जाले दरभंगा से केशवेंद्र प्रताप ठाकुर की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aniket Kumar
अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










