Darbhanga News: रसोई गैस को लेकर मचा हाहाकार, घंटों लाइन में लगने के बाद भी नहीं मिला सिलेंडर

Updated:
विज्ञापन

इंतजार करते हुए उपभोक्ता

Darbhanga News: दरभंगा में रसोई गैस संकट गहराता जा रहा है. इंजीनियर गैस सर्विस पर गैस ट्रक नहीं पहुंचने से करीब 400 उपभोक्ता घंटों लाइन में लगने के बाद खाली हाथ लौट गए. उपभोक्ताओं ने एजेंसी संचालक पर कालाबाजारी का आरोप लगाया है. जानिए खबर विस्तार से…

विज्ञापन

Darbhanga News: शहर में रसोई गैस की किल्लत लगातार गहराती जा रही है. हालात ऐसे हो गए हैं कि लोगों के घरों में चूल्हा जलाना भी मुश्किल हो गया है. प्रशासन एक तरफ गैस आपूर्ति सामान्य होने का दावा कर रहा है, वहीं दूसरी ओर उपभोक्ताओं को घंटों लाइन में लगने के बावजूद खाली हाथ लौटना पड़ रहा है. गुरुवार को इंजीनियर गैस सर्विस के गोदाम पर सैकड़ों उपभोक्ताओं का गुस्सा उस समय फूट पड़ा, जब गैस का ट्रक नहीं पहुंचने के कारण करीब 400 लोगों को बिना सिलेंडर लिए वापस लौटना पड़ा.

सुबह 3 बजे से लाइन में लगे थे उपभोक्ता

गैस पाने की उम्मीद में लोग देर रात और अहले सुबह ही घर से निकलकर गोदाम पहुंच रहे हैं. पीड़ित उपभोक्ता मो. नसीम और अनिल कुमार ने बताया कि वे सुबह करीब 3 बजे से ही गोदाम के बाहर लाइन में खड़े थे. घंटों इंतजार के बाद सुबह 7 बजे एजेंसी कर्मियों ने सूचना दी कि गैस की गाड़ी नहीं आई है, इसलिए वितरण नहीं होगा. यह खबर सुनते ही लाइन में खड़े लोगों का गुस्सा भड़क उठा और गोदाम परिसर में भारी आक्रोश देखने को मिला.

एजेंसी संचालक पर कालाबाजारी का आरोप

उपभोक्ताओं ने एजेंसी प्रबंधन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. उपभोक्ता शेखर कुमार ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन लगातार यह दावा कर रहा है कि जिले में गैस की कोई समस्या नहीं है, लेकिन जमीनी हकीकत बिल्कुल अलग है. लोगों का कहना है कि बेंता चौक के कुछ गैस कारोबारी रोजाना गोदाम पर पहुंचकर अवैध तरीके से सिलेंडर ले जाते हैं, जबकि आम उपभोक्ता घंटों लाइन में लगने के बाद भी गैस नहीं पा रहे हैं.

जांच में उजागर हुईं कई अनियमितताएं

उपभोक्ताओं की लगातार शिकायतों के बाद कंपनी के अधिकारियों ने गैस गोदाम की जांच की. जांच के दौरान प्रबंधन की कई बड़ी खामियां सामने आईं. बताया जा रहा है कि एजेंसी संचालन में गंभीर अनियमितताएं पाई गई हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए कंपनी अब एजेंसी संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी करने की तैयारी में है.

क्या बोले जिला आपूर्ति पदाधिकारी

जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुरेश कुमार ने कहा कि विभाग संबंधित गैस एजेंसी की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहा है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि शुक्रवार को गैस का ट्रक पहुंच जाएगा और जरूरतमंद उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध करा दी जाएगी. साथ ही कालाबाजारी की शिकायतों की भी जांच की जाएगी.

दरभंगा से सूरज कुमार की रिपोर्ट

विज्ञापन
Purushottam Kumar

लेखक के बारे में

By Purushottam Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन