उर्वरक के साथ अन्य उत्पाद लेने के दबाव की शिकायत, केंद्र ने दिए जांच के आदेश
प्रतीकात्मक तस्वीर
केंद्र सरकार ने बिहार में अनुदानित उर्वरक के साथ अन्य उत्पाद जबरन बेचने की शिकायतों पर जांच के आदेश दिए हैं। इफको अधिकारी पर लगे आरोपों की होगी सख्त जांच।
Fertilizer News Bihar: केंद्र सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने बिहार सरकार को पत्र भेजकर अनुदानित उर्वरक के साथ अन्य उत्पाद लेने के लिए कथित रूप से दबाव बनाए जाने की शिकायत की जांच कराने का निर्देश दिया है. मंत्रालय के अवर सचिव चंद्रशेखर प्रसाद ने 23 जुलाई 2026 को बिहार कृषि विभाग के निदेशक को इस संबंध में पत्र भेजा है.
दरभंगा के व्यापारी ने की शिकायत
पत्र के अनुसार, दरभंगा निवासी और प्रो. पुरुषोत्तम खाद बीज भंडार के संचालक पुरुषोत्तम कुमार चौधरी ने इफको के क्षेत्रीय उप प्रबंधक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कथित तौर पर अनुदानित उर्वरकों के साथ अन्य उत्पाद लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है. साथ ही समय पर उर्वरक उपलब्ध नहीं कराने का भी आरोप लगाया गया है.
राज्य सरकार को जांच का निर्देश
कृषि मंत्रालय ने अपने पत्र में कहा है कि यह मामला राज्य सरकार के अधिकार क्षेत्र में आता है. इसलिए शिकायत को आवश्यक परीक्षण और नियमानुसार कार्रवाई के लिए बिहार सरकार को भेजा गया है. साथ ही जांच पूरी कर उसकी अद्यतन जानकारी मंत्रालय को उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया गया है.
किसानों और विक्रेताओं के बीच चर्चा तेज
शिकायत सामने आने के बाद खाद-बीज विक्रेताओं और किसानों के बीच इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है. किसानों का कहना है कि कई बार यूरिया और डीएपी जैसे अनुदानित उर्वरकों के साथ कीटनाशक, बीज या अन्य उत्पाद लेने की शर्त रखी जाती है.
कृषि विभाग ने जांच शुरू होने की कही बात
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मंत्रालय का पत्र प्राप्त होने के बाद जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. जांच में यदि शिकायत सही पाई जाती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: श्यामा माई मंदिर तालाब से 17 घंटे बाद मिला युवक का शव, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










