सहयोग शिविर में विभागीय कर्मियों की गैरहाजिरी पर नाराजगी, भच्छी में जल संकट को लेकर हंगामा
सहयोग शिविर में लोगों को शांत कराते बीडीओ रोहित कुमार
बहेड़ी प्रखंड के सिरुआ और भच्छी पंचायतों में आयोजित सहयोग शिविरों में प्रशासनिक अव्यवस्था देखने को मिली. सिरुआ में विभिन्न विभागों के कर्मियों की अनुपस्थिति ने लोगों को निराश किया, जबकि भच्छी में जल संकट को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा.
Sahyog Shivir: बहेड़ी प्रखंड के बलिगांव पंचायत स्थित सिरुआ सामुदायिक भवन परिसर में बुधवार को सहयोग शिविर आयोजित किया गया. शिविर में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, सामाजिक सुरक्षा, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, जाति, आवासीय एवं आय प्रमाण पत्र, राजस्व, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पशुपालन, श्रम संसाधन, सहकारिता, उद्योग समेत विभिन्न विभागों के काउंटर लगाए जाने थे.
हालांकि कई विभागों के कर्मी अनुपस्थित रहे, जिससे शिकायत लेकर पहुंचे लोगों ने नाराजगी जताई.
विभागीय व्यवस्था पर उठे सवाल
शिविर का निरीक्षण बीपीआरओ उपेंद्र राम ने किया. इस दौरान मुखिया राजीव मंडल व्यवस्था की निगरानी करते रहे. मौके पर पंचायत सचिव संतोष कुमार चौधरी, एमओ रौशन कुमार, पीओ संजीव कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे.
भच्छी में जल संकट पर लोगों का विरोध
दूसरी ओर भच्छी पंचायत सरकार भवन में मुखिया नरेश यादव की मौजूदगी में सहयोग शिविर आयोजित हुआ. यहां विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों के लिए आवेदन लिए गए.
इस दौरान पेयजल संकट से परेशान ग्रामीणों ने पीएचईडी काउंटर पर जमकर हो-हल्ला किया. लोगों का आरोप था कि विभाग का कोई अधिकारी या कर्मी मौजूद नहीं था और उसकी जगह संवेदक के कर्मचारी से आवेदन लिया जा रहा था.
बीडीओ ने लगाई फटकार
सूचना मिलने पर बीडीओ रोहित कुमार मौके पर पहुंचे. उन्होंने संबंधित कर्मी को फटकार लगाई और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया.
शिविर में चंद्रकांत राय, अनिल यादव, कालीचरण यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










