Darbhanga News: दिल्ली कमाने जा रहा था युवक, ट्रेन से गिरकर चली गई जान, आठ माह की बेटी हुई बेसहारा

शव के आते ही शोक का वातावरण,जुटी भीड़ 2.आजिम की फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
दिल्ली में काम करने वाले 20 वर्षीय मजदूर मो. आजिम की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई. उनकी आठ माह की एक मासूम बेटी भी है. इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है.
Darbhanga News: अलीनगर प्रखंड क्षेत्र के असकौल गांव निवासी 20 वर्षीय मजदूर मो. आजिम की दिल्ली जाते समय ट्रेन से गिरकर मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. मृतक की करीब डेढ़ वर्ष पूर्व मुसर्रत खातून से शादी हुई थी और उनकी आठ माह की एक पुत्री भी है. हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.
Alinagar News: दिल्ली लौटने के दौरान हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार मो. आजिम पिछले चार-पांच वर्षों से दिल्ली में बैग सिलाई का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे. मोहर्रम के अवसर पर वह गांव आए थे. 17 जुलाई को दरभंगा से बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से नई दिल्ली के लिए रवाना हुए. हाथरस जंक्शन और पोरा स्टेशन के बीच रात में वह ट्रेन से गिर गए.
साथियों को नहीं मिले तो बढ़ा संदेह
ट्रेन में गांव के कई लोग अलग-अलग बोगियों में सफर कर रहे थे. सफर के दौरान जब मो. आजिम अपनी सीट पर नहीं मिले तो साथियों ने पूरी ट्रेन में उनकी तलाश की. काफी खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चला, जिसके बाद आशंका जताई गई कि वह ट्रेन से गिर गए हैं. इसकी सूचना तुरंत परिजनों और रिश्तेदारों को दी गई.
आगरा अस्पताल से गांव लाया गया शव
18 जुलाई को दिल्ली से पहुंचे परिजन हाथरस पहुंचे, जहां उन्हें संबंधित थाना के माध्यम से आगरा के एक अस्पताल भेजा गया. वहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. एंबुलेंस से शव गांव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. जनाजे की नमाज के बाद उन्हें गांव के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक के पिता मो. जब्बार, माता सबीला खातून, पत्नी मुसर्रत खातून, भाई मो. तसीर और मो. बशीर सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. आठ माह की मासूम बेटी के सिर से पिता का साया उठ जाने से गांव में भी शोक की लहर है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










