मुजफ्फरपुर में बोलेरो मालिक की हत्या पर उबाल

Published at :12 Jan 2018 4:50 AM (IST)
विज्ञापन
मुजफ्फरपुर में बोलेरो मालिक की हत्या पर उबाल

विरोध. दरभंगा जंक्शन से भाड़े पर ली थी गाड़ी, लूट के दौरान बदमाशों ने गोली मार घटना को दिया अंजाम दरभंगा : विवि थाना क्षेत्र के बेला वार्ड नंबर तीन निवासी गोपाल भगत के 30 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार भगत की बुधवार की रात मुजफ्फरपुर में गोली मारकर हत्या कर दिये जाने से आक्रोशित लोगों […]

विज्ञापन

विरोध. दरभंगा जंक्शन से भाड़े पर ली थी गाड़ी, लूट के दौरान बदमाशों ने गोली मार घटना को दिया अंजाम

दरभंगा : विवि थाना क्षेत्र के बेला वार्ड नंबर तीन निवासी गोपाल भगत के 30 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार भगत की बुधवार की रात मुजफ्फरपुर में गोली मारकर हत्या कर दिये जाने से आक्रोशित लोगों ने गुरुवार को बेला दुर्गा मंदिर के समीप सड़क जाम कर दिया. सड़क पर टायर जलाकर विरोध जताया गया. जाम की सूचना मिलने पर विवि थानाध्यक्ष अजय कुमार झा व सदर बीडीओ गंगासागर सिंह घटनास्थल पर पहुंचे तथा काफी मान-मनौव्वल के बाद लोगों को शांत कराया. बीडीओ ने पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हजार रुपये व कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत तीन हजार रुपये परिजनों को दिये. बताया जाता है कि चंदन पहले टेम्पो चलाता था.
कुछ दिन पहले बोलेरो खरीदकर भाड़ा पर चलवाने लगा. बोलेरो चलाने के लिये उसने लक्ष्मीसागर मुहल्ला के राजन यादव को रखा था. बुधवार की रात करीब आठ बजे दरभंगा जंक्शन पर चालक राजन बोलेरो (06 पीबी 3816) लेकर खड़ा था. इसी बीच एक युवक हादीपुर के लिये भाड़ा की बात करने पहुंचा. अधिक किराये की बात सुनकर युवक मुजफ्फरपुर तक जाने के लिये 18 सौ रुपये देने को तैयार हुआ. भाड़ा तय हो जाने के बाद चालक राजन ने इसकी सूचना मालिक चंदन को दी तथा रात में अकेले मुजफ्फरपुर जाने से इंकार किया. मालिक चंदन साथ चलने को तैयार हो गया. बताया जाता है कि बोलेरो पर दो युवक और एक महिला सवार हुई. घायल चालक के अनुसार गाड़ी मुजफ्फरपुर के भगवानपुर चौक पर पहुंचने के बाद सवार ने लालगंज की ओर चलने को कहा. आगे चलकर उमरी गांव के पास ओवर ब्रीज पर चढाने के दौरान कुहासे के कारण गाड़ी धीमी करनी पड़ी. इसके बाद गाड़ी पर सवार युवकों ने गाड़ी रोकने को कहा. गाड़ी नहीं रोकने पर युवकों ने चंदन के कनपट्टी पर रिवाल्वर सटाकर गोली मार दी. अपराधी चालक पर भी हमला करने का प्रयास किया, लेकिन वह चकमा देकर भाग निकला. इसके बाद अपराधियों ने चंदन की लाश को नीचे फेंक दिया तथा वाहन लेकर फरार हो गये.
आक्रोशित लोगों ने बेला दुर्गा मंदिर के पास जाम की सड़क
घर का कमाऊ पूत था चंदन
चंदन कुमार भगत चार भाई बहन में अकेला कमाउ पूत था. घर वालों को चंदन से काफी उम्मीदें थी. वह पहले टेम्पो चलाता था. थोड़े पैसे होने पर उसने बोलेरो खरीदी थी. बहन की बड़े धूमधाम से शादी करना चाहता था. उसका बड़ा भाई बजरंगी कुमार भगत पिता गोपाल भगत के छोटे से कारोबार में हाथ बंटाता था. बजरंगी बताता है कि चंदन उसे धैर्य रखने को कहता था. कहता था मेरे रहते तुम क्यों परेशान होते हो.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन