सीवान में बाइक लूटने में असफल अपराधियों ने युवक को मारी गोली, तीन दिन पहले ही छूटा था जेल से

यूपी के रामपुर से लौटने के दौरान सिवान में एक युवक से बाइक लूटने में असफल रहने पर अपराधियों ने उसे गोली मार दी और मौके से फरार हो गए . इस घटना के बाद युवक को घायल अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से उसे पटना रेफर कर दिया गया.
बिहार में लूट और हत्या की वारदातें रुकने का नाम ही नहीं ले रही. बेखौफ अपराधी हर दिन किसी न किसी घटना को अंजाम दे रहे हैं. ताजा मामला है सिवान के नौतन थाना क्षेत्र का. जहां बलवा और सेमरा गांव के समीप बाइक सवार अपराधियों ने बाइक लूटने के दौरान एक युवक को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल युवक की पहचान नरकटिया गांव निवासी विलास यादव के पुत्र विवेक कुमार यादव के रूप में की गयी.
उत्तर प्रदेश से अपने भाई के साथ लौट रहा था पीड़ित
घटना के वक्त बाइक पर मौजूद हरि शंकर यादव के पुत्र व पीड़ित के चचेरे भाई विकास कुमार यादव ने बताया कि विवेक मेरा चचेरा भाई है और हम लोग कुछ काम से उत्तर प्रदेश के रामपुर बाजार गये हुए थे, जहां से वापस लौट रहे थे. हम लोगों ने नहर के रास्ते अपने गांव नरकटिया जाने की बात सोची. इसके बाद विवेक ने कहा कि ठीक है इसी रास्ते से हम लोग निकल जाएं. अभी हम लोग बलवा और सेमरा गांव के समीप पहुंचे ही थे कि तब तक एक बाइक पर सवार तीन अपराधी आये और बाइक लूटने लगे, जिसका हम लोगों ने विरोध किया, तो तू-तू, मैं-मैं होने लगी, जो कुछ मिनटों तक चली. इसी बीच बाइक पर सवार एक युवक ने कमर से पिस्टल निकाल विवेक को गोली मार दी. इससे विवेक गंभीर रूप से घायल हो गया और तीनों अपराधी घटनास्थल से फरार हो गये.
पीड़ित को इलाज के लिए पटना किया गया रेफर
विकास ने बताया कि विवेक के घायल होने के बाद वो विवेक को अपनी बाइक पर लेकर नौतन पीएचसी गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया. इधर सदर अस्पताल में भी चिकित्सकों द्वारा गोली निकालने के बाद स्थिति नाजुक बताते हुए उसे पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया. वहीं, घटना के जानकारी मिलने पर नगर इंस्पेक्टर सुदर्शन राम दलबल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे और घायल विवेक कुमार और चचेरे भाई विकास कुमार से फर्द बयान लिया. इधर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
बाइक से जा रहे थे अपने घर
घायल के साथ मौजूद उसके चचेरे भाई विकास कुमार यादव ने बताया कि हम लोग अपनी अपाची बाइक पर सवार थे, जबकि बाइक लूटने वाले तीनों अपराधी एक स्प्लेंडर बाइक पर सवार होकर आए थे. उन लोगों ने आते ही हमारी बाइक की चाबी निकाल ली और फिर बाइक लूटने का प्रयास करने लगे, जिसका हम लोगों ने विरोध किया, तो वो विवेक को गोली मारकर फरार हो गये.
20 से 25 तक के उम्र के थे सभी अपराधी
प्राप्त जानकारी के मुताबिक लूट की घटना को अंजाम देने वाले सभी अपराधी 20 से 25 की उम्र के थे और गोलीबारी की घटना को अंजाम देने के बाद वे लोग अपाची बाइक नहीं लूट सके. इसी अपाची बाइक से विकास विवेक को लेकर नौतन पीएससी पहुंचा, जहां उसका इलाज किया गया.
ग्रामीणों में चल रही है तरह-तरह की चर्चाएं
इस घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में काफी आक्रोश है. ग्रामीणों का कहना है कि यह उत्तर प्रदेश और बिहार का सीमावर्ती इलाका है और आये दिन शराब तस्करों द्वारा आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया जाता है. पुलिस इन पर लगाम लगाने में बिल्कुल नाकाम है. वहीं कुछ अन्य चर्चाएं भी चल रही हैं, जहां घायल युवक पर शराब बेचने का भी आरोप ग्रामीण लगा रहे हैं. हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है.
तीन दिन पहले ही जेल से बाहर आया था विवेक
प्राप्त जानकारी के मुताबिक गोलीबारी की घटना में घायल विवेक कुमार यादव एक शराब तस्कर है. जो शराब तस्करी के मामले में हथुआ पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. वह गोपालगंज जिले के चनावे जेल से दो से तीन दिन पहले ही बाहर आया था. बताया जाता है कि आपसी वर्चस्व में उसे गोली मारी गयी है.
क्या बोले एसपी
इस घटना के संबंध में पुलिस कप्तान शैलेश कुमार सिन्हा ने बताया कि विवेक कुमार यादव को गोली मारी गयी है, जो हथुआ पुलिस द्वारा शराब मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था और दो से तीन दिन पहले ही वह जेल से बाहर आया था. पुलिस मामले में सभी बिंदुओं पर भी जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Anand Shekhar
Dedicated digital media journalist with more than 2 years of experience in Bihar. Started journey of journalism from Prabhat Khabar and currently working as Content Writer.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




