विपक्ष की बेंगलुरु बैठक के पहले नीतीश कुमार को कांग्रेस ने लिखा पत्र, मल्लिकार्जुन खरगे ने किया ये अनुरोध

पत्र में कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने उन्हें 17-18 जुलाई को बेंगलुरु में होने वाली अगली एकता बैठक में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है. कांग्रेस अध्यक्ष ने जारी पत्र में 23 जून को पटना में आयोजित विपक्षी बैठक में उनकी भागीदारी के बारे में याद दिलाया है.
पटना. विपक्ष को एकजुट करने के प्रयास में लगे नीतीश कुमार को कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की ओर से एक पत्र लिखा गया है. पत्र में कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने उन्हें 17-18 जुलाई को बेंगलुरु में होने वाली अगली एकता बैठक में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है. बताया जाता है कि कांग्रेस अध्यक्ष ने विपक्षी दलों के शीर्ष नेताओं को संबोधित करते हुए जारी पत्र में 23 जून को पटना में आयोजित विपक्षी बैठक में उनकी भागीदारी के बारे में याद दिलाया है. अपने पत्र में खरगे ने लिखा कि पटना में आयोजित पिछली बैठक एक बड़ी सफलता थी, क्योंकि हम विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा कर एक साथ चुनाव लड़ने पर सहमत हुए.
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार कांग्रेस अध्यक्ष ने विपक्षी नेताओं को भेजे गये पत्र में कहा कि पटना बैठक की सफलता के बाद हम विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करने में सक्षम हुए, जो हमारी लोकतांत्रिक राजनीति को खतरे में डालते रहे हैं. कांग्रेस अध्यक्ष ने नेताओं को आगे याद दिलाया कि हम जुलाई में फिर से मिलने पर सहमत हुए हैं. उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि इन चर्चाओं को जारी रखना और हमने जो गति बनाई है उसे आगे बढ़ाना महत्वपूर्ण है. हमारा देश जिन चुनौतियों का सामना कर रहा है, उनका समाधान खोजने के लिए हमें मिलकर काम करने की जरूरत है. पत्र में आगे लिखा है कि मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि कृपया 17 जुलाई को शाम 6.00 बजे बेंगलुरु में होने वाली बैठक और उसके बाद रात्रिभोज में भाग लेना सुनिश्चित करें. बैठक 18 जुलाई 2023 को सुबह 11.00 बजे से जारी रहेगी. बेंगलुरु में आपसे मिलने के लिए उत्सुक हूं.
2024 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर विपक्ष की पहली बैठक पटना में हुई, जिसमें 15 से ज्यादा पार्टियां शामिल हुईं. बैठक में शामिल होने वालों में एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राकांपा प्रमुख शरद पवार, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन समेत कई नेता शामिल थे. यह बैठक आगामी 2024 के आम चुनावों में भाजपा को हराने के लिए विपक्ष की रणनीति तैयार करने के लिए हो रही है. माना जा रहा है कि इस बैठक में कई नये दल भी इस बार शामिल हो सकते हैं, जो पटना में साथ नहीं थे. उनमें बसपा और कांग्रेस वाईएसआर प्रमुख है. इस बैठक में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के भी शामिल होने की बात कही जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




