दियारे का होगा चहुंमुखी विकास

Published at :10 Apr 2017 6:19 AM (IST)
विज्ञापन
दियारे का होगा चहुंमुखी विकास

दौरा. लोगों ने रखीं क्षेत्र की समस्याएं, मंत्री ने दूर करने का दिया आश्वासन लौरिया/बैरिया : सूबे के वित्त मंत्री अब्दुलबारी सिद्दीकी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बालिकाओं को उच्च शिक्षा लेने में अब परेशानी नहीं होगी. राज्य सरकार बालिका शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर करने के लिए कृत संकल्पित है. वित्त मंत्री रविवार […]

विज्ञापन

दौरा. लोगों ने रखीं क्षेत्र की समस्याएं, मंत्री ने दूर करने का दिया आश्वासन

लौरिया/बैरिया : सूबे के वित्त मंत्री अब्दुलबारी सिद्दीकी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बालिकाओं को उच्च शिक्षा लेने में अब परेशानी नहीं होगी. राज्य सरकार बालिका शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर करने के लिए कृत संकल्पित है.
वित्त मंत्री रविवार को गुलाब चौक के समीप पूर्व मुखिया इसलाम गद्दी के आवास पर महागंठबंधन के कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे. मंत्री ने कहा कि दियारा क्षेत्र का भी समुचित विकास किया जाएगा. इसके लिए जिला प्रशासन से प्रस्ताव मंगवाकर विकास का कार्य सरकार करायेगी.
इस मौके पर मौजूद पूर्व मंत्री सह जदयू अध्यक्ष वैद्यनाथ प्रसाद महतो ने कहा कि पूर्ण शराबबंदी से ही गांव व देश का विकास होगा. पूर्व चेयरमैन अमर यादव, राजद युवा इंद्रजीत यादव, पुरब मुखिया इसलाम गद्दी, मंसूर गद्दी, शौकत अली, शंभू शुक्ल, कुंदन पांडेय, बृजेश पटेल समेत राजद व जदयू के दर्जनो नेता शामिल थे. इस दौरान कई लोगों ने ज्ञापन देकर अपनी समस्याएं रखीं. वार्ड संघ अध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि वे अपने वार्ड सदस्यों की समस्याओं को लेकर मंत्री को ज्ञापन दिया.
इधर, सत्याग्रह रिसर्च फाउंडेशन के सचिव अधिवक्ता ऐजाज अहमद के नेतृत्व में फूल-मालाओं से भव्य स्वागत करते हुए मंत्री को नागरिकों को सुविधाएं बहाल करने संबंधी एक प्रस्ताव की प्रति सौंपी गयी. इसमें शताब्दी वर्ष पर बेतिया में विश्वविद्यालय व संग्रहालय की स्थापना, बापू के निवास स्थल रहे हजारीमल धर्मशाला को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने जैसे कई मांगें शामिल रहीं.
बिजली, बैंक समेत अन्य मामलों से संबंधित आयीं शिकायतें : लौरिया. प्रखंड मुख्यालय स्थित राजद कार्यालय में वित्त मंत्री अब्दुलबारी सिद्दीकी का भव्य स्वागत किया गया और कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूलमाला से लाद दिया. मंत्री ने कार्यकर्ताओं को पार्टी के सिद्धांत व जनहितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का निर्देश दिया. इस दौरान प्रखंड अध्यक्ष विजय यादव व रविशंकर सिंह ने बिजली मीटर संबंधी समस्याओं व विभाग की ओर से गलत बिल भेजने संबंधी कठिनाइयों की ओर ध्यान खींचा.
राजद तकनीकी प्रकोष्ठ के महासचिव रविशंकर सिंह ने मुद्रा लोन में बैंकों की आनाकानी, बैंकों में बिचौलियों के बोलबाला तथा मनी ट्रांजेक्शन में जागरूकता के अभाव पर ध्यान आकृष्ट किया. प्रदेश उपाध्यक्ष मुंशी ठाकुर ने किसानों की समस्याओं से अवगत कराया. वित्त मंत्री ने सारे कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनी और उनके निराकरण के निर्देश दिये.
उन्होंने कहा कि महागंठबंधन की सरकार विकसित बिहार बनाने को कृत संकल्पित है. वर्तमान में सात निश्चय योजना तथा जनहित में कई कल्याणकारी योजनाएं चल रही हैं. सरकार की रोजगारमुखी शिक्षा उपलब्ध करा रही है. इस अवसर पर जेपी सेनानियों का एक शिष्टमंडल एक ज्ञापन वित्त मंत्री को सौंपा. वहीं कार्यकर्ताओं की ओर से अतिथियों को डायरी और कलम दिये गये. मौके पर राजद के प्रखंड महासचिव जवाहर यादव, रंभू यादव, नूरालम, इसमुद्दीन हवारी, जनार्दन यादव, इंद्रजीत यादव, मनोज यदव, विजय मोहन यादव, आशुतोष मल्ल समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे. वित्त मंत्री के स्वागत मं राजद कार्यकर्ताओं की ओर से जगह-जगह तोरण द्वार लगाये गये थे.
बगहा : प्रदेश के वित्त मंत्री श्री अब्दुलबारी सिद्दीकी ने कहा कि राज्य में पिछले कुछ वर्षों में महिलाओं के सामाजिक,आर्थिक एवं राजनैतिक सशक्तीकरण के लिए दूरगामी प्रभाव वाले कदम उठाए गए हैं. इन प्रयासों के फलस्वरूप बिहार की किशोरियों और महिलाओं ने विभिन्न क्षेत्रों में अनेक उपलब्धियां प्राप्त की हैं.
वित्त मंत्री श्री सिद्दीकी ने रविवार को रायबारी महुआ, झारमहुई में हिकमत फाउंडेशन की ओर से संचालित नूर गर्ल्स हाई स्कूल भवन का उद्घाटन करने के बाद वहां आयोजित किशोरी सशक्तीकरण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने के लिए सामुहिक प्रयास करने की जरूरत है. उन्होंने दहेज प्रथा को समाप्त करने के लिए दहेज वाली शादी का बहिष्कार करने की अपील की. उन्होंने पुल निर्माण समेत दूसरे स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए अपने स्तर से हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया.
उन्होंने कहा कि बगहा जिला बने यह उनकी भी इच्छा है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने बिहार राज्य महिला सशक्तिकरण नीति बनाई है. यह नीति किशोरियों और महिलाओं के समग्र विकास एवं सशक्तीकरण की दिशा में बाधा को दूर कर समाज में लैंगिक समानता स्थापित करने की राह में एक ऐतिहासिक कदम है. उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक एवं शैक्षणिक संसाधनों तक महिलाओं तथा किशोरियों की पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि उन्हें समान अवसर मिले और समतामूलक समाज की स्थापना हो सके.
वित्त मंत्री श्री सिद्दीकी ने बालिका शिक्षा की दिशा में हिकमत फाउंडेशन और इसके प्रबंध न्यासी तथा अध्यक्ष श्री सैयद गुलरेज़ होदा के सक्रिय प्रयासों की सराहना की. उन्होंने स्कूल के लिए भूमि दान करने के लिए स्थानीय मुखिया हाजी शमशाद अली को भी मुबारकबाद दी. नरकटिया के विधायक डा शमीम अहमद ने कहा कि लड़कियों की शिक्षा के फाउंडेशन का प्रयास सराहनीय है. एक अच्छे समाज के लिए लडकियों की शिक्षा जरूरी है.ग्रामीण क्षेत्रों में इस के लिए अधिक से अधिक जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है.
बगहा को जिला बनाने की मांग
समारोह को संबोधित करते हुए बगहा के विधायक श्री राघव शरण पांडेय ने भी बालिका शिक्षा को अहम बताया. उन्होंने किशोरियों के सशक्तीकरण के प्रयासों के लिए फाउंडेशन की सराहना की. विधायक श्री पांडेय ने कहा कि विकास के मामले में राजनीति नहीं हो होनी चाहिए. उन्होंने ने राज्य सरकार से बगहा को जिला बनाने और मसान नदी पर पुल निर्माण की मांग की.
हर प्रखंड में खुलेगा गर्ल्स स्कूल
समारोह की अध्यक्षता करते हुए हिकमत फाउंडेशन के प्रबंध न्यासी और अध्यक्ष श्री सैयद गुलरेज़ होदा ने कहा कि हिकमत फाउंडेशन का पहला और अहम उद्देश्य बालिकाओं के लिए शिक्षा सुनिश्चित करते हुए सभी क्षेत्रों में उनके जीवन की समग्र गुणवत्ता में सुधार लाना है. इसके लिए उनके लिए अनुकूल वातावरण का निर्माण करना है. फाउंडेशन इस दिशा में सक्रिय रूप से काम कर रहा है.
श्री गुलरेज़ होदा ने कहा कि फाउंडेशन ने पश्चिम चम्पारण के सभी प्रखंडों में एक – एक गर्ल्स हाई स्कूल खोलने की योजना बनाई है.जहां लड़कियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की व्यवस्था होगी. उन्होंने ने कहा कि आर्थिक क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए फाउंडेशन की ओर से उद्यमिता को भी बढ़ावा दिये जाने का प्रयास किया जा रहा है.
समाज में फैली महिला कुरीतियों जैसे बाल विवाह, लैंगिक हिंसा, दहेज़ प्रथा, घरेलू हिंसा लैंगिक असमानता भी एक बड़ी समस्या है. फाउंडेशन की ओर से इसके उन्मूलन के लिए भी विभिन्न स्तरों पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. श्री गुलरेज़ होदा ने कहा कि समाज के सभी वर्गों के प्रबुद्ध नागरिकों के सहयोग से फाउंडेशन और और भी सक्रिय रूप से काम करेगा.
अपनी भाषा में शिक्षा पर जोर
उन्होंने ने अपनी भाषा में ही शिक्षा की जरूरत पर जोर दिया और कहा कि नूर गर्ल्स हाई स्कूल में अंग्रेजी शिक्षा और कौशल विकास पर भी जोर दिया जा रहा है. श्री गुलरेज़ होदा ने कहा कि नूर गर्ल्स हाई स्कूल शिक्षा के साथ साथ महिलाओं के सर्वांगीण विकास का केंद्र भी बनेगा.नूर गर्ल्स हाई स्कूल सभी वर्ग की लडकियों के लिए है. इसका दरवाजा सभी के लिए खुला हुआ है. समारोह को राष्ट्रीय जनसंख्या कोष के राज्य कार्यक्रम समन्वयक मो नदीम नूर,
बी वी एच ए के कार्यपालक निदेशक स्वपन मजुमदार, जेंडर एलायंस की वीणा, सेव द चिल्ड्रेन के राज्य प्रमुख रफी एजाज हुसैन एक्शन ऐड के सौरभ कुमार हिकमत फाउंडेशन के सचिव डा खुर्शीद अनवर और स्थानीय मुखिया हाजी शमशाद अली ने भी संबोधित किया कार्यक्रम का संचालन डा वाई के गौतम ने किया. कार्यक्रम में हजारों की संख्या में महिलाएं और पुरुष शामिल हुए. समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सवा करने वाले दस लोगों सम्मानित किया गया, जिनमें नौ महिलाएं शामिल हैं.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन