साठी में एक ही परिवार के चार झुलसे

Published at :09 Apr 2017 4:28 AM (IST)
विज्ञापन
साठी में एक ही परिवार के चार झुलसे

हादसा. योगापट्टी में 20 घर जले, साठ हजार रुपये से ज्यादा की संपत्ति का नुकसान साठी/योगापट्टी : जिले के नरकटियागंज अंचल और योगापट्टी अंचलों में शुक्रवार की देर रात हुई अगलगी की घटनाओं में भारी क्षति होने की सूचना है. नरकटियागंज अंचल के साठी थाना अंतर्गंत भेड़िहरवा पंचायत के बेलवा गांव में शुक्रवार की रात्रि […]

विज्ञापन

हादसा. योगापट्टी में 20 घर जले, साठ हजार रुपये से ज्यादा की संपत्ति का नुकसान

साठी/योगापट्टी : जिले के नरकटियागंज अंचल और योगापट्टी अंचलों में शुक्रवार की देर रात हुई अगलगी की घटनाओं में भारी क्षति होने की सूचना है.
नरकटियागंज अंचल के साठी थाना अंतर्गंत भेड़िहरवा पंचायत के बेलवा गांव में शुक्रवार की रात्रि लगभग एक बजे अचानक लगी आग से मां, दो बेटे तथा चाचा बुरी तरह जलकर जख्मी हो गये. जिनका इलाज साठी नवमी चौक स्थित एसएस इमरजेन्सी हॉस्पीटल में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टरों ने इलाज के बाद बेतिया एमजेके अस्पताल रेफर कर दिया है. इस घटना में साठ हजार नकदी समेत घर के सारे सामान जल गये.
करीब लाखों की क्षति का अनुमान है. जबकि योगापट्टी अंचल के बगही पुरैना गांव में हुई आगलगी में बीस घर जलकर खाक हो गये और आधा दर्जन मवेशी झुलसने के साथ ही लाखों की क्षति का आकलन किया गया है. बेलवा गांव के पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की मध्य रात्रि लगभग एक बजे आंधी और पानी समाप्त होने के बाद राजेन्द्र प्रसाद कुशवाहा के परिवार वाले घर में सोने चले गये. खपरैल घर के बरामदे में ग्लैमर मोटरसाइकिल रखा था. तभी बाइक में अचानक आग लग गई हालांकि आग लगने के कारण का पता अभी तक नहीं चल सका है. आग लगने से बाइक की टंकी फट गयी. टंकी के पेट्रोल के चलते आग ने भयावह रूप धारण कर लिया.
घर से निकलकर भागने के क्रम सुनील कुमार उम्र 25 वर्ष सुशील कुमार उम्र 20 वर्ष तथा मां प्रभावती देवी 50 वर्ष आग के चपेट में आने से बुरी तरह झुलस गये. वहीं चाचा जगदीश प्रसाद उम्र लगभग 55 वर्ष की स्थिति नाजुक बनी हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पेट्रोल का छींटा जिसके-जिसके बदन पर पड़ा, वह बुरी तरह से झुलस गया. लगता था कि आग इनका पीछा कर रहा है.
वहीं शनिवार की सुबह मरीजों की जांच करने पहुंचे. एसएस इमरजेन्सी हॉस्पिटल के निदेशक डाॅ वसीउल्लाह ने बताया कि मरीजों को बेहतर इलाज के लिए एमजेके हॉस्पिटल बेतिया रेफर कर दिया गया है. 30 प्रतिशत से ज्यादा मरीज जले हुए हैं, लेकिन हालात नियंत्रण में है.
उधर योगापट्टी प्रतिनिधि के अनुसार अंचल के बगही पुरैना पंचायत में शुक्रवार की देर रात साढ़े ग्यारह बजे लगी आग से करीब बीस घर जलकर राख हो गये. इस घटना में पांच बकरियां और एक गाय समेत छह मवेशियों के झुलस जाने की खबर है. आग की भयावहता के कारण घर से कोई सामान निकल नहीं पाया.
करीब लाखों की क्षति का अनुमान है. देर रात सभी खाना खाकर सोने चले गये. अचानक लगी आग को तेज हवा के कारण तेजी से फैलाव हो गया. हालांकि तब तक फायर बिग्रेड की गाड़ी और भारी संख्या में लोगों के पहुंचने से आग पर काबू पाया जा सका. इस आगलगी की घटना में सहजाद मियां, अब्दुल सत्तार मियां, इजरायल मियां, जलाउद्दीन मियां, सनवर आलम, हासन मियां, नौमाड़ मियां, गुलटेन मियां, रकटू मियां, मोजाबिर मियां आदि के घर जलकर राख हो गये. मौके पर बगही पुरैना के मुखिया पूनम देवी, अनिल मुखिया, सरपंच होसिला देवी पति राजेश कुमार महतो मौजूद रहे.
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विवेक कुमार अपने सदल-बल पहुंचे. सीओ शंभूनाथ राम ने सीआई योगेंद्र प्रसाद तथा कर्मचारी पारस प्रसाद सहित घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया और पीड़ित परिवारों को मुआवजा के तौर पर 9800-9800 का चेक दिये.
आपदा प्रबंधन से मुआवजे को लेकर हुई जांच-पड़ताल : घटना की सूचना पर पहुंचे भेड़िहरवा पंचायत के मुखिया शन्नी दुबे ने शनिवार को एसएस इमरजेन्सी हॉस्पिटल नवमी चौक पहुंच कर पीड़ित परिवार से पूछताछ की तथा इसकी सूचना प्रखण्ड विकास पदाधिकारी नरकटियागंज मनोज कुमार तथा साठी थानाध्यक्ष अवधेश कुमार झा को दी.
प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा हल्का कर्मचारी राजेश श्रीवास्तव को जांच के लिए घटना स्थल पर भेजा. राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि आपदा प्रबंधन विभाग से जो मुआवजा हो सकेगा. पीड़ित परिवार को मुहैया कराया जायेगा.
आग की भेंट चढ़ गये बेटे की शादी के सपने
साठी के भेड़िहरवा पंचायत के बेलवा गांव में आग लगने से घर का सारा सामान के साथ 60 हजार रुपये नगद भी जल कर राख हो गया. सुनील कुमार के पिता राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि 4 मई 2017 को सुनील की शादी होने वाली है. घर में शादी की तैयारी चल रही है. बारात के लिए साटा करना था जिसके लिए बैंक से पैसा निकाल कर लाये थे. शादी का बहुत सारा सामान खरीदा जा चुका था. शादी के सारे सपने चकनाचूर हो गये. बेटे और पत्नी को लेकर चिंता सता रही है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन