चुनौती. स्टेट बैंक की कैश वैन को बनाया लुटेरों ने निशाना
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :19 Jan 2016 7:01 AM (IST)
विज्ञापन

बगहा में 20 लाख की लूट बगहा (प. चंपारण) : स्टेट बैंक को लगातार दूसरे दिन अपराधियों ने निशाना बनाया है. सोमवार को अपराधियों ने बैंक की कैश वैन से बीस लाख से भरी पेटी लूट ली और मौके से फरार हो गये. देर शाम तक अपराधियों का सुराग नहीं मिला था. घटना पडरौना, बांस-मधुबनी […]
विज्ञापन
बगहा में 20 लाख की लूट
बगहा (प. चंपारण) : स्टेट बैंक को लगातार दूसरे दिन अपराधियों ने निशाना बनाया है. सोमवार को अपराधियों ने बैंक की कैश वैन से बीस लाख से भरी पेटी लूट ली और मौके से फरार हो गये. देर शाम तक अपराधियों का सुराग नहीं मिला था. घटना पडरौना, बांस-मधुबनी रोड पर समशेरवा के पास हुई. विरोध करने पर लुटेरों ने वैन के गार्ड को गोली मार दी, जिससे वो जख्मी हो गया है. वैन यूपी के पडरौना से कैश लेकर आ रही थी. पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है. इससे पहले शनिवार की रात अपराधियों ने मझौलिया में स्टेट बैंक का सेफ काट 58 लाख की चोरी की थी.
जानकारी के मुताबिक, बगहा से मधुबनी से कैश लेने के लिए स्टेट बैंक की वैन यूपी के पडरौना गयी थी. वैन में रुपये लेकर बैंक के गार्ड व चार कर्मचारी वापस लौट रहे थे. इस दौरान उनकी गाड़ी के आगे एक बोलेरो चल रही थी. वैन के चालक ने बोलेरो से साइड मांगा, लेकिन उन्हें साइड नहीं मिला. बताते है कि आगे चल रही बोलेरो चालक की गतिविधि से बैंक कर्मियों को संदेह भी हुआ. इसकी इन लोगों ने आपस में चर्चा भी की.
बताया जाता है कि जब वैन यूपी से बिहार में प्रवेश कर गयी, तो कैश वैन के चालक ने फिर से आगे चल रही बोलेरो से साइड मांगा, लेकिन इस बार साइड देने के बजाय बोलेरो ने कैश वैन में टक्कर मार दी, जिससे कैश वैन सड़क के किनारे गड्ढे में गिर गयी. इस दौरान लुटेरों की बोलेरो भी गड्ढे में चल गयी. घटना दिन में लगभग 2.45 बजे के आसपास हुई. बताते है कि लुटेरे पांच की संख्या में सबके पास
बगहा में 20…
हथियार थे.
कैश वैन में बैंक से सहायक प्रबंधक भी थे. लूट की घटना को बांसी के समशेरवा गांव के पास अंजाम दिया गया, जिस समय वैन को ठोकर मारी गयी, उस समय भी चालक रामचंद्र सिंह साइड लेना चाह रहा था. बताते हैं कि गड्ढे में वैन के गिरते ही अपराधियों ने हथियार तान दिया और वैन में रखी रुपयों से भरी पेटी को उतार लिया.
बताया जाता है कि इस दौरान दो लुटेरे गड्ढे में गिरी अपनी बोलेरो को निकालने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन वो उसमें कामयाब नहीं हो पा रहे थे. इससे पांच अपराधियो में अफरा-तफरी मच गयी. इसी दौरान अमीन चुड़िहार व राजेश यादव नाम के युवक मोटरसाइकिल से आ रहे थे, लुटेरों ने हथियार के बल पर दोनों को रोक लिया और मारपीट करके बाइक छीन ली. इसके बाद दो लुटेरे रुपये से भरी पेटी लूटी हुई मोटरसाइकिल पर रख कर फरार हो गये. जिन युवकों की बाइक लूटी गयी है, वो यूपी के गमहरिया गांव के रहनेवाले थे.
बताया जाता है कि जब लुटेरे भागने की कोशिश में लगे थे, तभी वैन के गार्ड अभय कुमार ने उनका विरोध किया, लेकिन लुटेरों ने अभय को गोली मार दी, जिससे वो जख्मी हो गया. गार्ड अभय पटना के पालीगंज का रहनेवाला है. उसका इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मधुबनी में चल रहा है. इधर, जाते समय लुटेरे गार्ड की बंदूक भी अपने साथ ले गये, जिससे देवीपुर गांव के पास एक सरसो से खेत से बरामद किया गया था.
बगहा एसपी आनंद कुमार सिंह ने बताया कि कैश लेकर लौटने के दौरान ये घटना हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. लुटेरे यूपी की ओर भागे हैं. यूपी से जुड़ी बिहार सीमा को सील कर दिया गया है. साथ ही जिन स्थानों पर शक है, वहां पर छापेमारी की जा रही है. धनहा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
इससे पहले मझौलिया के पारस पकड़ी में स्टेट बैंक के सेफ को चोरों ने काट दिया था. उसमें से पचास लाख का सोना व आठ लाख रुपये नगद लेकर फरार हो गये थे. इस मामले की पुलिस जांच कर रही है, लेकिन अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंची थी. इसी बीच बगहा में लुटेरों ने फिर कैश वैन से लूट की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




