बेतिया के मनीष के संदेश को सराह रही दुनिया, कचरा फेंकने पर बस रुकवा कर यात्रियों की दी थी नसीहत

Updated at : 10 Oct 2018 7:38 AM (IST)
विज्ञापन
बेतिया के मनीष के संदेश को सराह रही दुनिया, कचरा फेंकने पर बस रुकवा कर यात्रियों की दी थी नसीहत

इसी का बन गया था वीडियो बेतिया : घड़ी में दोपहर के एक बज रहे हैं. यात्रियों से भरी एक बस बख्तियापुर से पटना की तरफ जा रही है. इसी दौरान बस की खिड़की से किसी ने कचरा फेंका. कचरा सड़क पर गिरा, तभी स्वच्छता के एक सिपाही की बाइक पहुंच गयी. उस युवक ने […]

विज्ञापन
इसी का बन गया था वीडियो
बेतिया : घड़ी में दोपहर के एक बज रहे हैं. यात्रियों से भरी एक बस बख्तियापुर से पटना की तरफ जा रही है. इसी दौरान बस की खिड़की से किसी ने कचरा फेंका. कचरा सड़क पर गिरा, तभी स्वच्छता के एक सिपाही की बाइक पहुंच गयी. उस युवक ने बस रुकवायी. वह युवक कचरा उठाकर बस में दाखिल होता है.
कचरा फेंकने वाले की खोज की और जमकर क्लास लगायी. समझाया कि चलती बस से आपका कचरा फेंकना कितना नुकसानदेह है. उस युवक ने दूसरे यात्रियों को भी यत्र-तत्र कचरा नहीं फैलाने की नसीहतें दीं. भरी बस में सन्नाटा पसरा रहा. उदाहरण देकर बखूबी समझाया कि गंदगी कैसे हमें नुकसान पहुंचा रही है?
भले ही यह दृश्य आपको किसी फिल्म का हिस्सा लगे, लेकिन यह हकीकत है. वाकया बीते एक अक्तूबर का है. यात्रियों को नसीहतें देने वाले युवक बेतिया के मनीष कश्यप हैं. उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर ट्रेंड हो रहा है. वायरल हो चुका है.
फेसबुक और ट्विटर पर इसे खूब शेयर किया जा रहा है. आम ही नहीं, खास लोग भी मनीष की इस पहल की सराहना कर रहे हैं. मनीष बेतिया शहर की न्यू कॉलोनी के रहने वाले हैं. उनके पिता उदित कुमार ओड़िशा में फौज में हैं. मनीष सिविल इंजीनियर हैं. इन दिनों वह अपनी इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर छाये हुए हैं.
वीडियो में मनीष कहते हैं- स्वच्छ भारत के लिए प्रधानमंत्री इतना खर्च कर रहे हैं और हमलोग अपने ही देश को गंदा कर रहे हैं. आपको हंसी आ रही है. गंदगी की वजह से जब हॉस्पिटल में आदमी मर जाता है, तब हंसी नहीं आती आपको.
लाखों लोगों ने देखा यह वीडियो
ट्विटर पर उनका यह वीडियो दिल्ली के विधायक व पूर्व मंत्री कपिल मिश्रा ने रिट्वीट किया है. इसे 33 हजार लोग देख चुके हैं. इतना ही नहीं, साउथ इंडिया के चर्चित चेहरे महेश विक्रम हेगड़े ने इस वीडियो को अपने ट्विटर हैंडल पर अपलोड कर सराहना की है. मोदीनामा पर भी यह वीडियो अपलोड किया गया है, जिसे करीब 10 लाख लोग देख चुके हैं. मनीष बताते हैं कि फेसबुक, ट्विटर, यूट्यूब, व्हाट्सएप आदि के जरिये 10 करोड़ से अधिक लोगों ने उनका वीडियो देखा है.
इंडिया टीवी के वायरल सच में हुई सराहना
स्वच्छता का संदेश देने वाले मनीष का यह वीडियो राष्ट्रीय चैनल इंडिया टीवी पर भी छह अक्तूबर को प्रसारित किया गया. चर्चित शो वायरल सच में इस वीडियो की पड़ताल के बाद मनीष की पहल की सराहना की गयी. उन्हें स्वच्छता का हीरो बताया गया.
सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हैं इंजीनियर मनीष
पेशे से सिविल इंजीनियर मनीष कश्यप सोशल मीडिया पर खासा सक्रिय रहते हैं. बताते हैं कि इससे पहले भी उन्होंने सोशल मीडिया के जरिये तमाम संदेश दिये. लोगों की परेशानी दूर की है. मसलन बैटरी कंपनी की धोखाधड़ी, सर्विस सेंटर में कस्टमर की परेशानी जैसे कई वीडियो उन्होंने शेयर किये हैं.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन