ePaper

बिहार के मोतिहारी में साधु ने युवक को पीट-पीटकर मार डाला, फौज का भगोड़ा है हत्यारा, जानिए पूरी घटना..

Updated at : 30 Mar 2024 7:55 AM (IST)
विज्ञापन
बिहार के मोतिहारी में साधु ने युवक को पीट-पीटकर मार डाला, फौज का भगोड़ा है हत्यारा, जानिए पूरी घटना..

बिहार के मोतिहारी में एक साधु ने युवक की हत्या बेरहमी से पीटकर कर दी. साधु को गिरफ्तार किया गया.

विज्ञापन

बिहार में मोतिहारी शहर के नरसिंह बाबा मठ परिसर स्थित बगीचा में रहने वाले साधु ने एक युवक की लाठी से पीट-पीट कर हत्या कर दी. राहुल कुमार (30) कोटवा थाने के कल्याणपुर निवासी स्व गगनदेव महतो का पुत्र था. उसकी शादी पिछले साल हुई थी. घटना शुक्रवार की बतायी जा रही है.

हत्यारे साधु को पुलिस ने किया गिरफ्तार..

सूचना पर नगर पुलिस ने पहुंचकर आरोपित साधु को काफी मशक्कत के बाद काबू में किया. उसके बाद उसे थाना लेकर आयी. गिरफ्तार साधु प्रभाकर पांडेय उर्फ बुलबुल मूल रूप से अरेराज जितवारपुर का रहने वाला है. कई वर्षों से नरसिंह बाबा मठ परिसर स्थित बगीचा में बने एक मकान में रह रहा था.

पीट-पीटकर युवक को मार डाला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर में कुछ लड़के बगीचा की तरफ गये थे. इस दौरान किसी बात को लेकर साधु से उनकी बकझक हो गयी. साधु धमकी देते हुए रूम के अंदर गया, तबतक लड़के भाग गये. बिना कुछ जाने-पूछे साधु ने राहुल पर ताबड़तोड़ लाठी बरसानी शुरू कर दी. उसने राहुल की तबतक पिटाई की, जब तक उसने दम नहीं तोड़ दिया. उसके बाद घर में जाकर अंदर से कमरे को लॉक कर दिया. घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने खिड़की तोड़ कमरे के अंदर घुसकर साधु को अपने कब्जे में लिया. इंस्पेक्टर राकेश कुमार भास्कर ने कहा कि साधु से पूछताछ चल रही है. आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जायेगी. फिलहाल घटना के कारणों का सही पता नहीं चल सका है.

फौज का भगोड़ा है साधु, वर्दीधारी बाबा के नाम से है चर्चित

प्रभाकर पांडेय उर्फ बुलबुल फौज का भगोड़ा है. उसे लोग वर्दीधारी बाबा के नाम से भी जानते हैं. बताया जाता है कि 20-22 वर्ष पहले वह फौज से भागा था. पत्नी से भी उसका रिश्ता खराब है. वह अपनी सास के साथ जितवारपुर में रहती है. साधु की दिमागी हालत भी ठीक नहीं है. राहुल को उसने किस वजह से मारा, पूछने पर कोई जवाब भी नहीं दे रहा. पुलिस के समक्ष लगातार अपना बयान बदल रहा है.

पिछले साल राहुल की हुई थी शादी, पत्नी बदहवास

राहुल की पिछले साल दिसंबर महीने में शादी हुई थी. उसकी मां ललिता देवी स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत हैं. फिलहाल उसकी पोस्टिंग तुरकौलिया पीएचसी में है. रघुनाथपुर में भी उसका मकान है, जहां सपरिवार रहता है. उसका बड़ा भाई राजन कुमार बैंक कर्मचारी है. सदर अस्पताल पहुंची बहन ने बताया कि राहुल बैंक की पासबुक लेकर घर से निकला था. पति की मौत की खबर सुन जोसन कुमारी कलेजा पीट-पीट कर रो रही थी. राहुल कंपीटीशन की तैयारी कर रहा था.

विज्ञापन
ThakurShaktilochan Sandilya

लेखक के बारे में

By ThakurShaktilochan Sandilya

डिजिटल मीडिया का पत्रकार. प्रभात खबर डिजिटल की टीम में बिहार से जुड़ी खबरों पर काम करता हूं. प्रभात खबर में सफर की शुरुआत 2020 में हुई. कंटेंट राइटिंग और रिपोर्टिंग दोनों क्षेत्र में अपनी सेवा देता हूं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन