ePaper

द्रौपदी मुर्मू की जीत पर पटना के भाजपा मुख्यालय में जश्न, कार्यकर्ताओं ने फोड़े पटाखे और उड़ाया गुलाल

Updated at : 21 Jul 2022 8:44 PM (IST)
विज्ञापन
द्रौपदी मुर्मू की जीत पर पटना के भाजपा मुख्यालय में जश्न, कार्यकर्ताओं ने फोड़े पटाखे और उड़ाया गुलाल

Presidential Election Results : भाजपा ने हमेशा से महिलाओं को सम्मान देने का काम किया है. संगठन से लेकर सरकार में महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने का काम सर्वप्रथम भारतीय जनता पार्टी ने ही किया है. प्रधानमंत्री मोदी महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने में लगे हैं.

विज्ञापन

पटना. एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की ऐतिहासिक जीत पर भाजपा प्रदेश मुख्यालय में गुरुवार की शाम खूब जश्न मना. कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े और खूब गुलाल उड़ाये. इसके बाद भाजपा प्रदेश मुख्यालय से आयकर गोलंबर तक जुलूस भी निकाला गया, जिसमें उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए. महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष लाजवंती झा के नेतृत्व में जुलूस में खासकर महिला मोर्चा के कार्यकर्ता एवं आदिवासी समाज की महिला एवं पुरुषों ने अपनी पारंपरिक नृत्य के माध्यम से खुशी का इजहार किया.

उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी के नेतृत्व में निकला जुलूस

उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने द्रौपदी मुर्मू की ऐतिहासिक जीत पर बधाई देते हुए कहा कि श्रीमती मुर्मू की जीत महिलाओं एवं खासकर आदिवासी समाज के लिए गर्व की बात है. देश के इतिहास में पहली बार समाज के सबसे निचले पायदान आदिवासी समाज से आने वाली महिला महामहिम की कुर्सी पर विराजमान होने जा रही हैं. डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्यक्ष के सपने को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साकार करने का काम किया है. उपमुख्यमंत्री रेणु देवी ने कहा कि देश के इतिहास में पहली बार आदिवासी समाज की महिला राष्ट्रपति निर्वाचित हुई हैं.

‘भाजपा ने हमेशा से महिलाओं को सम्मान दिया’

भाजपा ने हमेशा से महिलाओं को सम्मान देने का काम किया है. संगठन से लेकर सरकार में महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने का काम सर्वप्रथम भारतीय जनता पार्टी ने ही किया है. प्रधानमंत्री मोदी महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने में लगे हैं. बधाई देने वालों में गन्ना मंत्री प्रमोद कुमार, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष शिव नारायण महतो, नीतीश मिश्रा, सिद्धार्थ शंभू, राजेश वर्मा, प्रदेश महामंत्री देवेश कुमार, भाजपा के प्रदेश मुख्यालय प्रभारी सुरेश रूंगटा, प्रदेश प्रवक्ता निखिल आनंद, संतोष पाठक, विनोद शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल, प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश कुमार सिंह, अशोक भट्ट, राजेश झा, पूर्व प्रदेश मीडिया प्रभारी राजीव रंजन, पंकज सिंह आदि शामिल रहे.

Also Read: राष्ट्रपति चुनाव पर ललन सिंह ने द्रौपदी मुर्मू को दी बधाई, कहा भारतवासियों के लिए गौरव का क्षण
राजनीति की दिशा तय करने वाला क्षण : नितिन

पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि मोदी सरकार का यह फैसला भविष्य की राजनीति की दिशा तय करने वाला होगा. समाज की मुख्यधारा से प्रायः दूर रहने वाले आदिवासी समाज की महिला का देश का राष्ट्रपति बनना वास्तविकता में शोषित और वंचित समाज के सशक्तीकरण की दिशा में सरकार की पहल और इरादों को दर्शाता है.

इतिहास के पन्नों में स्वर्णाक्षरों में लिखा जायेगा यह कदम : चिराग

लोजपा (रा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व जमुई सांसद चिराग पासवान ने कहा कि श्रीमती मुर्मू का देश के सर्वोच्च पद पर निर्वाचित होना इतिहास के पन्नों के स्वर्ण अक्षरों में लिखा जायेगा. श्री मुर्मू का समाज के सबसे अंतिम कड़ी आदिवासी समाज से देश का राष्ट्रपति होना सामाजिक क्रांति का प्रतीक है. उनके सर्वोच्च पद पर आसीन होने से देश में व्याप्त समाजिक विषमता की खाई को वृहद रूप से पाटा जा सकेगा.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन