नया भोजपुर थाने का एसपी ने किया औचक निरीक्षण

शनिवार को नया भोजपुर थाना के पुलिस अधीक्षक (एसपी) शुभम आर्य ने औचक निरीक्षण किया.
डुमरांव. शनिवार को नया भोजपुर थाना के पुलिस अधीक्षक (एसपी) शुभम आर्य ने औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालय व्यवस्था, अभिलेख संधारण, मालखाना, हाजत तथा सीसीटीएनएस से संबंधित कार्यों का गहन अवलोकन किया. उन्होंने थाने में संधारित विभिन्न पंजियों, केस डायरी एवं अन्य अभिलेखों की बारीकी से जांच करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिये. निरीक्षण के क्रम में एसपी शुभम आर्य ने थाने में दर्ज लंबित कांडों की विस्तृत समीक्षा की और उनके शीघ्र, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने थानाध्यक्ष चंदन कुमार को निर्देशित किया कि सभी लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जाए और समयबद्ध अनुसंधान सुनिश्चित किया जाये. एसपी ने विशेष रूप से पुराने और लंबे समय से लंबित कांडों में अनुसंधान की गति तेज करने, गवाहों के बयान समय पर दर्ज कराने तथा आरोपियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने पर जोर दिया. इसके साथ ही फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने और उसकी प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से वरीय अधिकारियों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. पुलिस अधीक्षक ने सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने और पीड़ितों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने की भी हिदायत दी. उन्होंने पुलिसकर्मियों को आम जनता के साथ शालीन, संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार रखने, शिकायतों को गंभीरता से सुनने तथा उनका त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया. एसपी शुभम आर्य ने कहा कि यदि थाना स्तर पर ही समस्याओं का समय रहते समाधान कर लिया जाए, तो बड़े विवादों और अपराध की घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है. निरीक्षण के अंत में उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनहितैषी बनाने पर बल दिया. उन्होंने उम्मीद जतायी कि दिये गये निर्देशों का पूरी निष्ठा से पालन किया जायेगा, जिससे नया भोजपुर थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा आम जनता का पुलिस पर विश्वास और मजबूत होगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




