ePaper

पुलिस अवर निरीक्षक के द्वितीय चरण की प्रारंभिक परीक्षा आज

Updated at : 20 Jan 2026 10:39 PM (IST)
विज्ञापन
पुलिस अवर निरीक्षक के द्वितीय चरण की प्रारंभिक परीक्षा आज

दोनों पालियों की परीक्षा में कुल 24336 अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद है.

विज्ञापन

बिहारशरीफ. बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की पुलिस अवर निरीक्षक (एसआइ) के द्वितीय चरण की पीटी परीक्षा का आयोजन बुधवार को जिले के कुल 18 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में किया जायेगा. दोनों पालियों की परीक्षा में कुल 24336 अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद है. जिले में शांतिपूर्ण व कदाचार मुक्त वातावरण में परीक्षा आयोजन को लेकर जिला प्रशासन के द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गयी है. जिला प्रशासन के द्वारा पूर्व में ब्रीफिंग के माध्यम से जिले के परीक्षा से जुड़े अधिकारियों, कर्मियों तथा केंद्राधीक्षकों को शांतिपूर्ण व कदाचार मुक्त वातावरण में परीक्षा आयोजन का निर्देश दिया गया है. निर्देश के आलोक में सभी परीक्षा केन्द्रों पर मंगलवार को सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई है. जिले में शांतिपूर्ण व कदाचार मुक्त वातावरण में परीक्षा आयोजन को लेकर कुल 39 केंद्र प्रेक्षक सह स्टैटिक दंडाधिकारी, 9 जोनल सह गस्ती दंडाधिकारी जबकि 04 वरीय उड़न दस्ता पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है. इनमें से प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक- एक प्रेक्षक तथा दो- दो स्टैटिक दंडाधिकारी के साथ-साथ पुलिस पदाधिकारी व पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी है. कड़ी तलाशी के बाद मिलेगा प्रवेश : सभी अभ्यर्थियों को कड़ी तलाशी के बाद ही परीक्षा केन्द्रों में प्रवेश दिया जायेगा. अभ्यर्थियों को प्रवेश द्वार पर ही एडमिट कार्ड से चेहरा मिलान कर तथा फोटो और थंब इंप्रेशन लेकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जायेगा. अभ्यर्थियों को अपने साथ मोबाइल अथवा किसी अन्य प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने की अनुमति नहीं है. कदाचार आदि के मामले में संबंधित अभ्यर्थी तथा वीक्षकों पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी. दो पालियों में आयोजित होगी परीक्षा : पुलिस अवर निरीक्षक (एसआइ) की प्रारंभिक लिखित परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जायेगी. प्रथम पाली की परीक्षा पूर्वाह्न 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 02:30 बजे से 04:30 बजे तक आयोजित होगी. परीक्षार्थियों के लिए रिपोर्टिंग समय प्रथम पाली में 08:30 बजे पूर्वाह्न तथा द्वितीय पाली में 01:00 बजे अपराह्न निर्धारित है. अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने के आधे घंटे पूर्व तक ही परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश दिया जायेगा. देर से आने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा में प्रवेश नहीं दिया जायेगा. परीक्षा केंद्रों पर सतत वीडियो ग्राफी की व्यवस्था : जिले में शांतिपूर्ण व कदाचार मुक्त वातावरण में परीक्षा आयोजन को लेकर परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाये गये हैं. इसके अलावा परीक्षा के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर सतत वीडियोग्राफी कराई जायेगी. परीक्षा अवधि के दौरान प्रत्येक परीक्षा केंद्र के 500 गज की परिधि में दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी. इसके तहत परीक्षा केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ लगना, मटरगश्ती करना, हथियार आदि लेकर घूमना, लाउडस्पीकर बजाना आदि पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा. परीक्षा केंद्रों के आसपास की सभी साइबर कैफे तथा फोटो स्टेट की दुकानें बंद रहेंगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
AMLESH PRASAD

लेखक के बारे में

By AMLESH PRASAD

AMLESH PRASAD is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन