डुमरांव-जंगलीनाथ शिव मंदिर मार्ग की गुणवत्ता पर सवाल, ग्रामीणों की शिकायत पर सड़क निर्माण की जांच
ग्रामीणों के साथ मौके पर सड़क की जांच करते एई | Prabhat Khabar Network
Buxar News : बक्सर में NH-922 को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क के निर्माण की गुणवत्ता पर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं. जांच में सीमेंट की गुणवत्ता पर आपत्ति जताते हुए उसे बदलने का निर्देश दिया गया है. ग्रामीणों ने एस्टीमेट सार्वजनिक करने की भी मांग की है.
Buxar News : शहर के शक्ति द्वार होते हुए जंगलीनाथ शिव मंदिर मार्ग के रास्ते एनएच-922 को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क के निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों की शिकायत पर रविवार को जांच की गयी. ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में अनियमितता और गुणवत्ता में कमी का आरोप लगाते हुए डुमरांव एसडीएम राजीव कुमार को ज्ञापन सौंपकर जांच की मांग की थी. शिकायत पर संज्ञान लेते हुए ग्रामीण कार्य विकास विभाग के सहायक अभियंता श्रीआंश कुमार निर्माणाधीन सड़क पर पहुंचे और स्थल का निरीक्षण किया.
सीमेंट की गुणवत्ता पर उठे सवाल, बदलने का निर्देश
जांच के दौरान निर्माण कार्य में कुछ खामियां सामने आने की बात कही गयी. मौके पर इस्तेमाल किये जा रहे सीमेंट की गुणवत्ता को लेकर भी सहायक अभियंता ने आपत्ति जतायी. उन्होंने संबंधित कर्मियों को पहले इस्तेमाल किये जा रहे सीमेंट को हटाकर ओपीसी सीमेंट से ढलाई कराने का निर्देश दिया. साथ ही निर्माण कार्य में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पूरी तरह पालन करने को कहा.
Also Read : रोहतास: नोखा में घर में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, पुलिस जांच में जुटी
निर्माण पूरा होने के बाद फिर होगी सड़क की जांच
सहायक अभियंता श्रीआंश कुमार ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य प्राक्कलन के अनुरूप कराया जा रहा है. हालांकि, निर्माण पूरा होने के बाद भुगतान से पहले सड़क की दोबारा जांच की जायेगी. निरीक्षण के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता अजय राय सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे.
ग्रामीणों ने एस्टीमेट सार्वजनिक करने की मांग की
ग्रामीणों ने सहायक अभियंता से सड़क निर्माण का एस्टीमेट सार्वजनिक करने की मांग की, ताकि स्थानीय लोगों को सड़क की निर्धारित लागत, निर्माण प्रावधानों और गुणवत्ता मानकों की जानकारी मिल सके. ग्रामीणों ने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के लिए काफी महत्वपूर्ण है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इसका इस्तेमाल करते हैं.
Also Read : घोरडीहा स्कूल में पेयजल और बिजली व्यवस्था को लेकर शिकायत, बीडीओ ने जांच का दिया भरोसा
दियारा क्षेत्र के सैकड़ों गांवों को शहर से जोड़ता है मार्ग
ग्रामीणों के अनुसार, शहर का स्टेशन रोड अक्सर व्यस्त रहता है. ऐसे में दियारा क्षेत्र के सैकड़ों गांवों से आने वाले लोग इसी मार्ग से डुमरांव शहर, अनुमंडल अस्पताल और अनुमंडल न्यायालय समेत अन्य प्रमुख स्थानों तक पहुंचते हैं. इसलिए सड़क का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ तरीके से कराया जाना जरूरी है.
क्या कहते हैं एई
मौके पर सीमेंट की गुणवत्ता सही नहीं पायी गयी, जिसे बदलकर ओपीसी सीमेंट से ढलाई कराने का निर्देश दिया गया है. प्राक्कलन के मुताबिक रोड की ढलाई करायी जा रही है. भुगतान होने से पहले सड़क निर्माण की फिर से जांच की जायेगी.
श्रीआंश कुमार, सहायक अभियंता, आरडब्ल्यूडी
Also Read : सासाराम का फुटबॉल खिलाड़ी बना भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर, गौरव कुमार का हुआ सम्मान
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए