मुख्यमंत्री की संभावित यात्रा को लेकर चुरामनपुर पंचायत सरकार भवन की सजावट तेज, दरारों पर लगाया जा रहा व्हाइट सीमेंट
मरम्मत करता मजदूर
Buxar News : मुख्यमंत्री के दौरे से पहले चुरामनपुर पंचायत सरकार भवन को सजाया जा रहा है. प्रशासन बाहरी दीवारों की दरारों को ठीक कर रहा है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि अंदर भी बड़ी दरारें हैं और भवन की सुरक्षा पर सवाल उठा रहे हैं.
Buxar News : मुख्यमंत्री की संभावित यात्रा को लेकर जिला प्रशासन चुरामनपुर पंचायत सरकार भवन को सजाने-संवारने में जुटा है. भवन के बाहर साफ-सफाई, रंग-रोगन और अन्य तैयारियों के साथ दीवारों में आयी दरारों को भी व्हाइट सीमेंट से भरने का काम कराया जा रहा है. रविवार को पंचायत सरकार भवन की बाहरी दीवारों पर आयी दरारों को मजदूरों द्वारा व्हाइट सीमेंट से भरते हुए देखा गया. मुख्यमंत्री की संभावित यात्रा को लेकर प्रशासन की ओर से भवन को आकर्षक बनाने की तैयारी की जा रही है.
बाहरी दीवारों की दरारों को सीमेंट से भरने का काम
स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्यमंत्री के जिले में प्रस्तावित दौरे के समय सरकारी भवनों की मरम्मत और रंग-रोगन का काम तेज हो जाता है. चुरामनपुर पंचायत सरकार भवन में भी बाहरी दीवारों पर आयी दरारों को सीमेंट से भरकर उसे बाहर से ठीक-ठाक दिखाने का प्रयास किया जा रहा है. लोगों का आरोप है कि भवन की वास्तविक स्थिति को ठीक करने के बजाय फिलहाल बाहरी हिस्से को दुरुस्त करने पर अधिक जोर दिया जा रहा है.
भवन के अंदर भी बड़ी-बड़ी दरारें होने का दावा
स्थानीय लोगों के अनुसार, भवन के अंदर की दीवारों में भी कई स्थानों पर काफी बड़ी-बड़ी दरारें हैं. इन दरारों को देखकर भवन में प्रवेश करने वाले लोगों के मन में सुरक्षा को लेकर आशंका बनी रहती है. लोगों का कहना है कि बाहर से भवन को भले ही सजाकर बेहतर बना दिया जाए, लेकिन अंदर की स्थिति पर भी ध्यान देना जरूरी है.
Also Read : शत्रुघ्न यादव हत्याकांड को लेकर पूर्व सैनिकों ने निकाला कैंडल मार्च, दोषियों को फांसी देने की मांग
तकनीकी जांच कराने की मांग
स्थानीय लोगों ने पंचायत सरकार भवन की बाहरी सजावट के साथ-साथ भवन की तकनीकी जांच कराने की मांग की है. उनका कहना है कि विशेषज्ञों से भवन की जांच कराकर यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि दीवारों में आयी दरारें केवल प्लास्टर तक सीमित हैं या भवन की संरचना को भी प्रभावित कर रही हैं.
Also Read : हाटा हाई स्कूल में परीक्षा देने पहुंचे छात्रों के बीच मारपीट, करीब एक दर्जन पर आरोप
भवन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने पर जोर
लोगों का कहना है कि तकनीकी जांच से भवन की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और जरूरत के अनुसार मरम्मत या अन्य आवश्यक कदम उठाये जा सकेंगे. इससे मुख्यमंत्री की संभावित यात्रा के दौरान भी पंचायत सरकार भवन की वास्तविक स्थिति सामने रह सकेगी.
Also Read : चैनपुर से लापता 17 वर्षीय किशोरी बरामद, तीन महिलाओं समेत चार गिरफ्तार
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए