नीट-2026 में बक्सर के आदित्य का कमाल, ऑल इंडिया 141वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया जिले का मान

photo..फोटो- आदित्य रंजन | Prabhat Khabar Network
बक्सर के आदित्य रंजन ने नीट-2026 में 141वीं रैंक लाकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. उनकी इस ऐतिहासिक सफलता ने विद्यालय और जिले का नाम गौरवान्वित किया है. जानें कैसे हासिल की ये उपलब्धि.
NEET 2026 Result Buxar : हेरिटेज स्कूल अर्जुनपुर के छात्र आदित्य रंजन ने नीट-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. आदित्य रंजन ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-2026 में अखिल भारतीय 141वीं रैंक हासिल कर बक्सर जिले और पूरे बिहार का नाम गौरवान्वित किया है. उनकी इस ऐतिहासिक सफलता के बाद विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है.
Buxar News : मेहनत और लगन से हासिल किया राष्ट्रीय मुकाम
आदित्य रंजन की सफलता को लेकर विद्यालय के निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार पाठक और प्राचार्या डॉ. सुषमा कुमारी सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने खुशी जाहिर की है. उन्होंने कहा कि आदित्य की उपलब्धि विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है. यह सफलता बताती है कि लक्ष्य के प्रति समर्पण, नियमित अध्ययन और कड़ी मेहनत से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है.
12वीं बोर्ड में भी दिखा चुके हैं प्रतिभा
नीट में सफलता हासिल करने से पहले आदित्य रंजन सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा-2026 में भी शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं. उन्होंने बक्सर जिले में द्वितीय टॉपर बनने का गौरव हासिल किया था. वहीं भौतिकी विषय में उन्होंने 100 में 100 अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा और विषय पर मजबूत पकड़ का परिचय दिया था.
माता-पिता और शिक्षकों के सहयोग को दिया श्रेय
विद्यालय परिवार ने आदित्य रंजन के माता-पिता को भी बधाई दी और कहा कि बच्चों की सफलता में परिवार के संस्कार, मार्गदर्शन और निरंतर सहयोग की अहम भूमिका होती है. शिक्षकों ने कहा कि आदित्य ने अपनी मेहनत और अनुशासन से यह मुकाम हासिल किया है.
भविष्य में डॉक्टर बनकर सेवा करने का लक्ष्य
विद्यालय परिवार ने आदित्य रंजन के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वह आगे चलकर एक कुशल और संवेदनशील चिकित्सक बनेंगे और समाज व राष्ट्र की सेवा करेंगे. आदित्य की सफलता से जिले के विद्यार्थियों में भी नई उम्मीद और उत्साह का संचार हुआ है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










