बक्सर में 57 डिसमील जमीन के लिए पट्टीदारों में विवाद, युवक गंभीर घायल, दो गिरफ्तार

Author Sujeet Kumar|Edited by Vivek Singh
Updated:
विज्ञापन
जमीन विवाद में पट्टीदारों के बीच खूनी संघर्ष, युवक गंभीर रूप से घायल

बक्सर जिले के एकौनी गांव में 57 डिसमिल जमीन को लेकर पट्टीदारों के बीच पुराना विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. इस मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

विज्ञापन

Buxar News : बक्सर जिले के डुमरांव थाना क्षेत्र के एकौनी गांव में रविवार सुबह 57 डिसमील जमीन को लेकर चल रहा पुराना विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. पट्टीदारों के बीच हुई मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया.

57 डिसमील जमीन को लेकर भड़का विवाद

जानकारी के अनुसार, एकौनी गांव निवासी दीपक उपाध्याय और उनके पट्टीदार विद्यासागर उपाध्याय के बीच 57 डिसमील जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. रविवार सुबह इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई. आरोप है कि विद्यासागर उपाध्याय और उनके पुत्र विमलेश उपाध्याय ने मिलकर दीपक उपाध्याय की पिटाई कर दी.

गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

मारपीट में घायल दीपक उपाध्याय को परिजनों ने तत्काल डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया. घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया.

पुलिस ने दो आरोपितों को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही डुमरांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नामजद दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की मौजूदगी के बाद गांव में स्थिति सामान्य हो गई.

थानाध्यक्ष ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि मामला जमीन विवाद से जुड़ा है. दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

बढ़ते भूमि विवाद बने चिंता का विषय

डुमरांव अनुमंडल क्षेत्र में हाल के दिनों में जमीन विवाद से जुड़े मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है. ऐसे मामलों में मारपीट और सामाजिक तनाव की घटनाएं बढ़ रही हैं. प्रशासन का मानना है कि भूमि विवादों का समय रहते कानूनी और आपसी सहमति से समाधान निकालना बेहद जरूरी है.


विज्ञापन
Sujeet Kumar

लेखक के बारे में

By Sujeet Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन