बक्सर नियोजन मेले में 585 युवाओं का हुआ चयन, 26 कंपनियों ने दिए रोजगार के अवसर
फोटो - मेला का उद्घाटन करते डीएम व अन्य | Prabhat Khabar Network
बक्सर जिला नियोजनालय द्वारा आयोजित नियोजन मेले में 585 युवाओं को रोजगार मिला. 26 कंपनियों ने भाग लिया और 1000 से अधिक रिक्तियां निकाली गईं. स्थानीय स्टार्टअप्स को भी मंच मिला.
Buxar News : बक्सर जिला नियोजनालय, बक्सर के तत्वावधान में बुधवार को संयुक्त श्रम भवन परिसर में एक दिवसीय नियोजन सह व्यवसायिक मार्गदर्शन मेला आयोजित किया गया. मेले का उद्घाटन डीएम साहिला, जिला परिषद अध्यक्ष सरोज देवी, श्रम अधीक्षक संजय कुमार और जिला नियोजन पदाधिकारी प्रणव प्रतीक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
26 कंपनियां पहुंचीं, एक हजार से अधिक रिक्तियां उपलब्ध
नियोजन मेले में निजी क्षेत्र की 26 कंपनियों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए. विभिन्न कंपनियों में भर्ती के लिए एक हजार से अधिक रिक्तियां उपलब्ध कराई गई थीं, जिससे बड़ी संख्या में युवाओं ने रोजगार के अवसरों का लाभ उठाया.
1274 आवेदन, पहले चरण में 585 अभ्यर्थियों का चयन
मेले में कुल 1274 युवाओं ने अपना बायोडाटा जमा किया. प्रारंभिक चयन प्रक्रिया के तहत 585 अभ्यर्थियों का मौके पर ही चयन किया गया. वहीं 366 युवाओं को करियर और रोजगार से संबंधित व्यवसायिक मार्गदर्शन भी दिया गया.
स्थानीय स्टार्टअप को पहली बार मिला मंच
इस बार नियोजन मेले में पहली बार बक्सर जिले के तीन स्थानीय स्टार्टअप—खाना मखाना, खुशबू रेडिमेड और बॉम्बे ऑयल मिल—को भी स्टॉल उपलब्ध कराया गया, ताकि उन्हें प्रोत्साहन और प्रचार-प्रसार का अवसर मिल सके.
डीएम ने युवाओं से उठाने की अपील की लाभ
डीएम साहिला ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ‘नियोजक आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत प्रत्येक जिले में नियोजन मेले का आयोजन कर रही है. उन्होंने सभी युवक-युवतियों से ऐसे आयोजनों में भाग लेकर रोजगार के अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की.
अधिकारी और कंपनी प्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ धीरज कुमार, निम्न वर्गीय लिपिक, तिरुपति नाथ शर्मा सहित जिला नियोजनालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए