बक्सर में नाबालिग पूर्व छात्रा से दुष्कर्म मामले में शिक्षक 48 घंटे की रिमांड पर, पुलिस कर रही पूछताछ
आरोपी शिक्षक अरविंद कुमार, प्रधानाध्यापक मो. इमाम अली, व विरेन्द्र प्रसाद | Prabhat Khabar Network
Buxar News : दुष्कर्म कांड में गिरफ्तार शिक्षक को पुलिस ने 48 घंटे की रिमांड पर लिया है. शिक्षा विभाग ने बीईओ से स्पष्टीकरण मांगा है. मामले की जांच जारी है.
Buxar News : कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के एक सरकारी मध्य विद्यालय की नाबालिग पूर्व छात्रा से दुष्कर्म और घटना से जुड़े वीडियो के वायरल होने के मामले में पुलिस की जांच लगातार आगे बढ़ रही है. मामले में गिरफ्तार आरोपित शिक्षक अरविंद कुमार को कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस 48 घंटे की रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान घटना से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं. हालांकि, पूछताछ में सामने आयी जानकारी को लेकर पुलिस ने फिलहाल चुप्पी साध रखी है.
रिमांड पर शिक्षक से पुलिस कर रही पूछताछ
कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने शिक्षक अरविंद कुमार को रिमांड पर लिये जाने की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि मामले में पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है. हालांकि, पूछताछ के दौरान क्या जानकारी सामने आयी है, इस संबंध में उन्होंने कुछ भी बताने से इनकार किया. पुलिस वायरल वीडियो, घटना में शामिल लोगों की भूमिका और पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है.
बीईओ से मांगा गया स्पष्टीकरण, शिक्षा विभाग ने साधी चुप्पी
इधर, मामले में शिक्षा विभाग की भूमिका को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. डुमरांव प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुधांशु शेखर से विभाग ने स्पष्टीकरण मांगा है. जिला शिक्षा पदाधिकारी इंद्रजीत करण से इस संबंध में जानकारी ली गयी, तो उन्होंने डुमरांव बीईओ से स्पष्टीकरण मांगे जाने की पुष्टि की. हालांकि, स्पष्टीकरण किन बिंदुओं पर मांगा गया है, इस सवाल पर उन्होंने जानकारी देने से इनकार कर दिया.
आठ माह पहले जानकारी होने का दावा, आधिकारिक पुष्टि नहीं
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कथित तौर पर इस मामले की जानकारी डुमरांव प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को करीब आठ माह पहले ही हो गयी थी. आरोप है कि उस समय मामले को गंभीरता से लेने के बजाय इसे दबा दिया गया. हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस और शिक्षा विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि तत्कालीन स्तर पर मामले की जानकारी किसे थी और उस समय क्या कार्रवाई की गयी थी.
Also Read : बक्सर में सेवा संकल्प अभियान को लेकर भाजपा ने की कार्यशाला, कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारी
चार आरोपित पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार
मालूम हो कि नाबालिग पूर्व छात्रा से दुष्कर्म और घटना से जुड़े वीडियो के वायरल होने के मामले में बक्सर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार दिनों के भीतर चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों में विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहम्मद इमाम अली अंसारी, शिक्षक अरविंद कुमार, शिक्षक वीरेंद्र प्रसाद उर्फ वीरेंद्र पाल और वीरेंद्र के सहयोगी विकास कुमार शामिल हैं.
Also Read : बक्सर की पवित्र धरती पर ‘केबिन कल्चर’ का काला खेल, BR-44 पर कार्रवाई ने खोले पुराने राज
रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार हुआ था फरार शिक्षक
पुलिस के अनुसार, फरार चल रहे शिक्षक वीरेंद्र पाल को रविवार की रात बक्सर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक से गिरफ्तार किया गया था. बताया गया कि वह लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था. अब अरविंद कुमार को रिमांड पर लेकर पूछताछ किये जाने के बाद मामले में और भी अहम खुलासे होने की संभावना जतायी जा रही है. फिलहाल पुलिस की जांच और शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं.
Also Read : बक्सर में वित्त रहित कर्मियों को वेतनमान देने की घोषणा पर नवल किशोर यादव सम्मानित
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए