बक्सर में वित्त रहित कर्मियों को वेतनमान देने की घोषणा पर नवल किशोर यादव सम्मानित
विधान पार्षद नवल किशोर को सम्मानित करते वित्त रहित शिक्षक | Prabhat Khabar Network
Buxar News : वित्त रहित शिक्षकों को वेतनमान की घोषणा के बाद विधान पार्षद नवल किशोर यादव को सम्मानित किया गया. फोरम ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है.
Buxar News : वित्त रहित शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मियों को वेतनमान देने की घोषणा के बाद अनुदान नहीं, वेतनमान फोरम की केंद्रीय कोर कमेटी की ओर से विधान पार्षद नवल किशोर यादव को सम्मानित किया गया. बिहार प्रदेश कोर कमेटी के सदस्यों ने उनके आवास पर पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया और वित्त रहित कर्मियों की वर्षों पुरानी मांग को सरकार तक पहुंचाने के लिए आभार जताया.
चार दशक पुरानी मांग को सरकार तक पहुंचाने के लिए जताया आभार
फोरम के प्रांतीय संयोजक प्रो. रौशन कुमार एवं दंडी स्वामी सहजानंद संत विनोबा डिग्री महाविद्यालय, सिमरी, बक्सर के प्रो. विनोद कुमार ओझा के नेतृत्व में कोर कमेटी के सदस्यों ने विधान पार्षद को सम्मानित किया. इस दौरान सदस्यों ने कहा कि वित्त रहित कर्मियों के लिए वेतनमान की मांग करीब चार दशक से लंबित थी. नवल किशोर यादव ने इस मांग को मजबूती से सरकार के समक्ष रखा और मुख्यमंत्री के सामने वित्त रहित कर्मियों की ओर से प्रभावी ढंग से पक्ष रखा.
मुख्यमंत्री की घोषणा पर जताया आभार
वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री ने शिक्षक दिवस के अवसर पर पांच सितंबर को वित्त रहित कर्मियों को वेतनमान देने की घोषणा की है. इसे चार दशक पुरानी मांग की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए फोरम ने मुख्यमंत्री के प्रति भी आभार जताया. साथ ही नवल किशोर यादव के माध्यम से मुख्यमंत्री को सम्मानित करने की इच्छा जतायी गयी.
गांधी मैदान या श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में होगा सम्मान समारोह
फोरम की ओर से बताया गया कि मुख्यमंत्री से अनुमति लेकर जल्द ही गांधी मैदान अथवा श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में सम्मान एवं आभार कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा. इसमें पूरे बिहार से वित्त रहित माध्यमिक, उच्च माध्यमिक, इंटर एवं डिग्री महाविद्यालयों के हजारों शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मियों के शामिल होने की संभावना है.
Also Read : तेंदुआ पहाड़ शिव मंदिर परिसर रोशनी से हुआ जगमग, नौ स्ट्रीट लाइटें लगने से श्रद्धालुओं को मिली राहत
कई जिलों के प्रतिनिधि हुए शामिल
कार्यक्रम में अररिया से प्राचार्य अजय झा, दरभंगा से प्रो. अखिल झा, सहरसा से प्राचार्य अजय वर्मा, गया से प्राचार्य मनोज त्रिपाठी समेत प्रो. मिथिलेश यादव, प्रो. विजय कुमार चौबे, प्राचार्य रंजीत कुमार सिंह, प्राचार्य सुबोध कुमार, प्रो. विजय कुमार, प्राचार्या अनीता सिंह, प्राचार्य प्रेम सिंह सहित अन्य शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मी शामिल हुए.
Also Read : बिक्रमगंज-नटवार मुख्य सड़क पर पकड़ा गया 28 भैंसों से लदा कंटेनर, चालक समेत दो गिरफ्तार
एक सप्ताह में मुख्यमंत्री से अनुमति लेने का प्रयास
प्रो. विनोद कुमार ओझा ने बताया कि विधान पार्षद नवल किशोर यादव के माध्यम से एक सप्ताह के भीतर मुख्यमंत्री से कार्यक्रम के लिए अनुमति लेने का प्रयास किया जायेगा. अनुमति मिलने के बाद राज्यभर के वित्त रहित संस्थानों के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी एकजुट होकर मुख्यमंत्री के प्रति सम्मान एवं आभार प्रकट करेंगे.
Also Read : सासाराम में अजय पासवान बने लोजपा (रामविलास) के बिहार प्रदेश मीडिया सह प्रभारी
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए