गेहूं बेचने में इटाढ़ी और चौसा के किसान अव्वल

Published by : AMLESH PRASAD Updated At : 24 Apr 2026 9:58 PM

विज्ञापन

अब तक जिले में कुल 107 किसानों से 628 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई है.

विज्ञापन

बक्सर. जिले में रबी विपणन मौसम 2026-2027 के तहत गेहूं की सरकारी खरीद प्रक्रिया ने अब गति पकड़ ली है. सहकारिता विभाग द्वारा जारी ताजा प्रोग्रेस रिपोर्ट के अनुसार जिले के विभिन्न प्रखंडों में पैक्स और व्यापार मंडल के माध्यम से किसान अपनी उपज सरकार को बेच रहे हैं. अब तक जिले में कुल 107 किसानों से 628 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई है.

न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ : सरकार द्वारा 2,585 रुपये प्रति क्विंटल गेहूं के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है. जिसका सीधा लाभ किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजा जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि एमएसपी पर खरीद सुनिश्चित होने से किसानों को खुले बाजार में कम कीमत पर अनाज बेचने की मजबूरी नहीं रहेगी. प्रशासन का मकसद है कि जिले के छोटे से छोटे किसान को भी इस योजना का लाभ मिले.

प्रखंडवार खरीद की स्थिति : रिपोर्ट के इटाढ़ी प्रखंड खरीद के मामले में सबसे आगे है. इटाढ़ी में अब तक सर्वाधिक 29 किसानों ने अपना गेहूं सरकारी केंद्रों पर बेचा है. जिससे कुल 174 मीट्रिक टन गेहूं की खरीदारी हुई है. इसके बाद दूसरे पायदान पर चौसा प्रखंड है, जहां 17 किसानों से 129 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया है. इसी तरह सिमरी प्रखंड में कुल 26 किसानों से 126.300 मीट्रिक टन गेहूं का क्रय हुआ है.

तीन प्रखंडों का नतीजा सिफर : कुछ प्रखंडों में गेहूं क्रय की स्थिति संतोषजनक है, वहीं सदर, चक्की व केसठ प्रखंडों में खरीद शून्य है. आंकड़ों के मुताबिक इन तीनों प्रखंडों में फिलहाल एक छंटाक भी गेहूं की खरीद नहीं हुई है. वहीं राजपुर में 13 किसानों से 59 मीट्रिक टन और डुमरांव में 10 किसानों से 58 मीट्रिक टन की खरीद की गई है. नावानगर में भी 7 किसानों से 42.300 एमटी क्रय किया गया है.

पचास समितियों को मिली है स्वीकृति : इस वर्ष जिले में कुल 50 समितियों को गेहूं क्रय की जिम्मेवारी सौंपी गयी है. जिनमें 46 पैक्स और 4 व्यापार मंडल शामिल हैं. यह प्रक्रिया पिछले वर्षों की तरह विकेंद्रीकृत प्रणाली के तहत शुरू की गयी है. इसके तहत पंचायत स्तर पर पैक्सों व प्रखंड स्तर पर व्यापार मंडलों में क्रय केंद्र खुले हैं.

डुमरांव में 10 किसानों से 580 क्विंटल हुआ गेहूं की खरीदारी

डुमरांव. प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में गेहूं की कटाई पूरी हो चुकी है. गेहूं की फसल किसानों के खेतों से कट जाने के बाद अब इलाके के किसान गरमा की खेती में जुट गये हैं. वहीं गेहूं की फसल किसानों के खेतों से कटाई हो जाने के बाद प्रखंड के व्यापार मंडल सहित छह पैक्सों के क्रय केंद्रों पर 10 किसानों से 580 क्विंटल गेहूं की खरीद की गयी है. जबकि किसानों के लिए गरमा खेती को लेकर अबतक 325 किसानों के बीच मक्का और मूंग के बीज का वितरण किया जा चुका है, इसकी जानकारी देते हुए कृषि समन्वयक राजीव रंजन ने बताया कि गरमा खेती को लेकर प्रखंड के 325 किसानों को बीज उपलब्ध कराया गया है, जहां एक एकड़ के लिए मक्का एवं मूंग के बीज प्रत्येक किसान को आठ केजी के हिसाब से वितरण किया जा चुका है. वहीं दूसरी ओर सेलेक्टेड छह पैक्सों के क्रय केंद्रों पर गेहूं खरीद को लेकर जानकारी देते हुए प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी आनंद राव ने बताया कि प्रखंड में लक्ष्य 580 क्विंटल के द्वारा प्रखंड के 10 किसानों से 2585 के दर से 580 क्विंटल गेहूं की खरीद की जा चुकी है.

विज्ञापन
AMLESH PRASAD

लेखक के बारे में

By AMLESH PRASAD

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन