रबी किसान गोष्ठी में कृषि विभाग की योजनाओं की दी गयी जानकारी

Updated:
विज्ञापन
रबी किसान गोष्ठी में कृषि विभाग की योजनाओं की दी गयी जानकारी

सदर प्रखंड के इ-किसान भवन के सभागार में शनिवार को कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण बक्सर के तत्वावधान में प्रखंड स्तरीय रबी किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया.

विज्ञापन

बक्सर. सदर प्रखंड के इ-किसान भवन के सभागार में शनिवार को कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण बक्सर के तत्वावधान में प्रखंड स्तरीय रबी किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया. इस गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य रबी मौसम में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, विभागीय योजनाओं एवं फसल प्रबंधन से संबंधित आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराना रहा, ताकि किसान कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकें. कार्यक्रम का उद्घाटन उप परियोजना निदेशक आत्मा रणधीर कुमार, कृषि वैज्ञानिक डॉ. राम केवल, प्रखंड कृषि पदाधिकारी कृष्ण मोहन तिवारी, प्रखंड उद्यान पदाधिकारी शिवकुमार, प्रखंड तकनीकी पदाधिकारी अजय कुमार सिंह एवं जयमंगल राय ने संयुक्त रूप से किया. उप परियोजना निदेशक रणधीर कुमार ने अपने संबोधन में आत्मा द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को नई तकनीक से जोड़कर उनकी आय बढ़ाना है. उन्होंने पराली प्रबंधन पर विशेष रूप से प्रकाश डालते हुए बताया कि पराली जलाने से मिट्टी की उर्वरता नष्ट होती है और पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचता है. इसके विकल्प के रूप में उन्होंने पराली से खाद बनाने, मल्चिंग और जैविक खेती में इसके उपयोग की जानकारी दी. कृषि वैज्ञानिक डॉ राम केवल ने रबी मौसम की प्रमुख फसलों जैसे गेहूं, चना, मसूर, सरसों आदि में लगने वाले कीट एवं रोगों की पहचान और उनके समुचित प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बीज उपचार, संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन, समय पर सिंचाई तथा रोग प्रतिरोधी किस्मों के उपयोग पर जोर दिया. साथ ही किसानों को मौसम के अनुसार कृषि कार्य करने की सलाह दी, ताकि उत्पादन में वृद्धि हो सके. प्रखंड उद्यान पदाधिकारी शिवकुमार ने उद्यान विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए बागवानी फसलों जैसे आम, पपीता और केला की खेती, प्लास्टिक कैरेट योजना, मसाले वाली फसलों की खेती, मशरूम उत्पादन एवं मधुमक्खी पालन से होने वाले लाभों को विस्तार से बताया. उन्होंने कहा कि उद्यानिकी एवं सहायक गतिविधियों को अपनाकर किसान अतिरिक्त आय अर्जित कर सकते हैं. गोष्ठी में प्रखंड तकनीकी पदाधिकारी अजय कुमार सिंह ने किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, संतुलित उर्वरक प्रयोग तथा आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग की जानकारी दी. कार्यक्रम का मंच संचालन अमरेश राय ने किया. रजनीश कुमार, सभापति सिंह, उमेश सिंह, मिथिलेश कुमार, सत्येंद्र भारती, सरोज कुमार एवं विजय पासवान शामिल रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Amlesh Prasad

लेखक के बारे में

By Amlesh Prasad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन