बक्सर: केसठ के राजकीय डिग्री कॉलेज में दाखिले की रफ्तार तेज, जल्द शुरू होगी पढ़ाई

केसठ राजकीय डिग्री कॉलेज
केसठ राजकीय डिग्री कॉलेज में नामांकन प्रक्रिया तेजी से चल रही है. पहली सूची में 72 विद्यार्थियों ने कराया नामांकन. कॉलेज में जल्द शुरू होंगी कक्षाएं, जिससे स्थानीय छात्रों को मिलेगी उच्च शिक्षा की सुविधा.
Buxar News : बक्सर जिला के केसठ प्रखंड के राजकीय डिग्री कॉलेज केसठ में नामांकन प्रक्रिया तेजी से चल रही है. फिलहाल कॉलेज का संचालन प्लस टू उच्च विद्यालय रघुनाथपुर परिसर से किया जा रहा है. पहली चयन सूची में चयनित 83 छात्र-छात्राओं में से अंतिम तिथि तक 72 विद्यार्थियों ने नामांकन करा लिया है. कॉलेज में कुल 288 सीटों पर प्रवेश की प्रक्रिया जारी है.
छह विषयों की होगी पढ़ाई
सरकार के निर्देश के अनुसार कॉलेज में छह विषयों की पढ़ाई शुरू की जाएगी. इससे केसठ प्रखंड और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलने से छात्रों और अभिभावकों को बड़ी राहत मिलेगी.
पांच विषयों के शिक्षकों की हुई प्रतिनियुक्ति
राजकीय डिग्री कॉलेज केसठ के प्राचार्य कृष्णकांत सिंह ने बताया कि छह विषयों में से पांच विषयों के शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की जा चुकी है. शेष आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं. उन्होंने कहा कि नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमित कक्षाओं का संचालन शुरू कर दिया जाएगा.
कॉलेज शुरू होने से छात्रों में उत्साह
कॉलेज में जल्द पढ़ाई शुरू होने की तैयारी से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में खुशी का माहौल है. लोगों का कहना है कि अब ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को स्नातक की पढ़ाई के लिए दूर-दराज के शहरों में नहीं जाना पड़ेगा. इससे समय और आर्थिक संसाधनों दोनों की बचत होगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










