स्मार्ट मीटर लगे, लेकिन बिजली व्यवस्था बदहाल, डुमरांव में लोगों का फूटा गुस्सा
Published by : Suryakant Kumar Updated At : 24 May 2026 8:49 PM
डुमरांव पावर सब स्टेशन
Buxar News: भीषण गर्मी के बीच डुमरांव में बिजली व्यवस्था चरमरा गई है. मामूली फॉल्ट को ठीक करने में घंटों लगने और कर्मचारियों की कमी से उपभोक्ताओं की परेशानी लगातार बढ़ रही है.
Buxar News (सुजीत कुमार ओझा): भीषण गर्मी के बीच डुमरांव की बिजली व्यवस्था पूरी तरह भगवान भरोसे चल रही है. बिजली विभाग की लापरवाही और अधिकारियों की उदासीनता से शहरवासियों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है. हालात ऐसे हैं कि मामूली लोकल फॉल्ट को ठीक करने में भी घंटों लग जा रहे हैं, जबकि उपभोक्ता तपती गर्मी में बिजली के बिना परेशान रहने को मजबूर हैं. शनिवार को डुमरांव पावर सब स्टेशन से महज 300 मीटर दूर महाराजा पेट्रोल पंप के समीप स्थित ट्रांसफार्मर का एक फेज खराब हो गया. सुबह करीब 10 बजे आई इस खराबी की जानकारी उपभोक्ताओं ने तुरंत पावर सब स्टेशन को दी, लेकिन विभागीय सुस्ती के कारण फॉल्ट को ठीक करने में करीब ढाई घंटे लग गए.
स्थानीय उपभोक्ता गोलू सिंह, दिलीप गोंड, रौनक सिंह और छोटे सिंह समेत अन्य लोगों ने बताया कि शिकायत के बाद काफी देर तक कोई कर्मी मौके पर नहीं पहुंचा. करीब एक घंटे बाद एक मानव बल पहुंचा, लेकिन समस्या का समाधान किए बिना लौट गया. बाद में लगातार शिकायतों के बाद दोपहर सवा एक बजे तीन कर्मी पहुंचे और करीब 1:35 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी.
शिकायत पर भी जिम्मेदारों ने झाड़ा पल्ला
उपभोक्ताओं का आरोप है कि बिजली विभाग के अधिकारी समस्या समाधान के बजाय जिम्मेदारी टालते नजर आए. सहायक विद्युत अभियंता राकेश कुमार दूबे उपभोक्ताओं को जेई से संपर्क करने की सलाह देते रहे, जबकि जेई मानव बलों की कमी का हवाला देते रहे. जानकारी के अनुसार डुमरांव के 35 वार्डों की जिम्मेदारी महज तीन मानव बलों के भरोसे चल रही है, जिससे लोकल फॉल्ट की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं.
लगातार दूसरे दिन भी बनी रही परेशानी
शनिवार को पूरे दिन शहर में अलग-अलग जगहों पर लोकल फॉल्ट के कारण बिजली आपूर्ति बाधित रही. इससे पहले शुक्रवार को भी दो दर्जन से अधिक शिकायतें दर्ज हुई थीं, जिनमें कई समस्याओं का समाधान तक नहीं हो पाया था.
स्मार्ट मीटर लगे, लेकिन सुविधाएं नहीं हुईं स्मार्ट
उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर लगाने में विभाग ने जितनी तेजी दिखाई, यदि उतनी तत्परता बिजली व्यवस्था सुधारने में दिखाई जाती तो लोगों को इस भीषण गर्मी में राहत मिल सकती थी. लोगों का कहना है कि स्मार्ट मीटर तो लगा दिए गए, लेकिन बिजली आपूर्ति आज भी बदहाल बनी हुई है.
घंटों बिजली कटौती से ग्रामीण इलाकों में बढ़ी मुश्किलें, आंदोलन की चेतावनी
सिमरी फीडर से जुड़े पैगम्बरपुर पंचायत के उपभोक्ताओं ने भी बिजली व्यवस्था पर नाराजगी जताई है. उपभोक्ता सुरेंद्र ओझा (फौजी), घनश्याम ओझा, अंजनी ओझा, सतेन्द्र ओझा और बबलू ओझा समेत अन्य लोगों ने बताया कि लगातार दिन हो या रात तीन से चार घंटे तक बिजली कटौती आम बात हो गई है. इसके अलावा ग्रामीणों का कहना है कि हल्की आंधी या बारिश में पूरी रात बिजली गायब रहती है, जिससे गर्मी में लोगों की परेशानियां और बढ़ जाती हैं. उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो ग्रिड का घेराव किया जाएगा.
विधायक राहुल सिंह ने लिया संज्ञान
डुमरांव विधायक राहुल सिंह ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि बिजली व्यवस्था में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान नहीं करने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: श्रुति हत्याकांड में बड़ा मोड़, पति के प्रेम संबंध की चर्चा के बीच ससुर गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










