बक्सर: मां काली के जयकारों से गूंजा दुबौली गांव, 24 घंटे के अखंड कीर्तन में झूमते रहे श्रद्धालु
वार्षिकोत्सव पूजन मे हवन करते ग्रामीण | Prabhat Khabar Network
सिमरी के दुबौली गांव में मां काली का वार्षिकोत्सव और अखंड कीर्तन भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा में भाग लिया।
Buxar News : मां काली के जयकारों और हरे राम-हरे कृष्ण के संकीर्तन से सोमवार को प्रखंड का दुबौली गांव भक्तिमय हो गया. गांव स्थित मां काली मंदिर में वार्षिक पूजा और महोत्सव धूमधाम से मनाया गया. सुबह से ही मंदिर परिसर में महिलाओं और पुरुषों की भारी भीड़ जुटने लगी. पूरे मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक लाइटों से सजाया गया था.
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई मां काली की पूजा
वार्षिक पूजा की विधिवत शुरुआत पंडित देवानंद तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ की. हवन कुंड में आहुति पड़ते ही पूरा वातावरण सुगंधित और भक्तिमय हो उठा. पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने जय मां काली के जयकारे लगाए. मां के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए देर शाम तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा.
सात दिनों तक हुआ दुर्गा सप्तशती का पाठ
मंदिर कमेटी के अनुसार वार्षिक पूजा से पहले लगातार सात दिनों तक दुर्गा सप्तशती का पाठ और विधिवत पूजा-अर्चना की गयी. महोत्सव की शुरुआत रविवार से 24 घंटे के अखंड हरिनाम संकीर्तन के साथ हुई. इसमें क्षेत्र की दर्जनों प्रसिद्ध संकीर्तन मंडलियों ने हिस्सा लिया.
भजन की धुन पर रातभर झूमते रहे श्रद्धालु
अखंड कीर्तन के दौरान भोजपुरी और हिंदी भजनों की धुन पर श्रद्धालु हरे राम-हरे कृष्ण का जाप करते हुए पूरी रात झूमते रहे. संकीर्तन से पूरा गांव भक्ति रस में डूबा रहा. कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला.
ग्रामीणों ने मां काली से सुख-शांति की कामना की
ग्रामीणों ने बताया कि मां काली की कृपा से गांव में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहती है. वार्षिक पूजा और महोत्सव को सफल बनाने में प्रेम प्रकाश दुबे, शिवजी दुबे, आजाद दूबे, मनोज दुबे, प्रेम दुबे, उमेश दुबे, बासुकीनाथ दुबे, सतीश दूबे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहयोग किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










