बक्सर दौरे पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, लाइट एंड साउंड शो का करेंगे लोकार्पण

Updated:
विज्ञापन
buxar news

सीएम के आगमन को लेकर तैयारियां पूरी

Buxar News: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार को बक्सर के दौरे पर पहुंचेंगे, जहां वे लाइट एंड साउंड शो का लोकार्पण करेंगे. वे भगवान वामन मंदिर में पूजा-अर्चना, रामरेखा घाट पर कार्यक्रम और बाबा रामेश्वर नाथ मंदिर में दर्शन करेंगे. उनके दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं.

विज्ञापन

Buxar News(ओंकार नाथ मिश्र): बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार को बक्सर के ऐतिहासिक दौरे पर पहुंचेंगे. इस दौरान वे एक से सवा घंटे तक ठहरेंगे और चिर-प्रतीक्षित लाइट एंड साउंड का तोहफा देंगे. मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने के बाद पहली बार पहुंच रहे सूबे में सीएम के आगमन को लेकर सुरक्षा से लेकर उनके स्वागत के लिए अभूतपूर्व तैयारियां की गई हैं, ताकि उनकी अगवानी में कोई कसर नहीं रहे. जिला प्रशासन मुख्यमंत्री के इस संक्षिप्त लेकिन बेहद महत्वपूर्ण दौरे की सभी प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियां को लेकर शुक्रवार को पूरी तरह व्यस्त रहा.

तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री पटना से हवाई मार्ग के जरिए बक्सर पहुंचेंगे. वे यहां लगभग एक से सवा घंटे का समय बिताएंगे. इस दौरान वे बक्सर के विकास और धार्मिक महत्व से जुड़ी कई योजनाओं की शुरुआत करेंगे और मंदिरों में पूजन-अर्चन करेंगे.

शाम चार बजे होगा आगमन

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है. सुरक्षा के मद्देनजर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. शनिवार शाम लगभग 4 बजे मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर बक्सर के ऐतिहासिक किला मैदान में बने अस्थाई हेलीपैड पर उतरेगा. हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थलों तक सुरक्षा बलों की भारी तैनाती रहेगी. वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने खुद सभी आयोजन स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है.

भगवान वामन को मिलेगी जेल से मुक्ति

किला मैदान में उतरने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सीधे सेंट्रल जेल परिसर के लिए रवाना होंगे. वहां स्थित भगवान वमनेश्वर मंदिर में वे विशेष पूजा-अर्चना करेंगे. बक्सर सेंट्रल जेल परिसर में स्थित इस पौराणिक मंदिर और भगवान वामन की प्रतिमा को जेल की चहारदीवारी से मुक्त कराने की मांग लंबे समय से हो रही थी. वे इस दौरे पर भगवान वामन को जेल परिसर से मुक्ति दिलाने की योजना की आधारशिला रखेंगे. पिछले महीने तत्कालीन सीएम नीतीश कुमार के साथ बतौर उप मुख्यमंत्री पहुंचने पर उन्होंने भगवान वामन के जेल से मुक्ति का एलान किया था. उनके इस कदम से स्थानीय श्रद्धालुओं और धार्मिक संगठनों में भारी उत्साह देखा जा रहा है.

लाइट एंड साउंड शो का लोकार्पण

जेल परिसर के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री सीधे पवित्र रामरेखा घाट पहुंचेंगे. पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रामरेखा घाट पर आधुनिक ”लाइट एंड साउंड शो” का निर्माण किया गया है. मुख्यमंत्री इस भव्य लाइट एंड साउंड शो का औपचारिक लोकार्पण करेंगे. इसके जरिए बक्सर आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को इस पौराणिक भूमि के गौरवशाली इतिहास और धार्मिक महत्व को बेहद आकर्षक ढंग से देखने और समझने का मौका मिलेगा. जाहिर है कि 80 के दशक में निर्माण के बाद लाइट एंड साउंड तकनीकी गड़बड़ी के कारण बंद था. जिसे दोबारा चालू करने की मांग की जा रही थी.

बाबा रामेश्वर नाथ मंदिर में पूजा

रामरेखा घाट पर लोकार्पण कार्यक्रम संपन्न करने के बाद मुख्यमंत्री वहीं पास में स्थित बाबा रामेश्वर नाथ मंदिर जाएंगे. यह मंदिर त्रेतायुग कालीन माना जाता है, जिसकी स्थापना स्वयं प्रभु श्रीराम ने की थी. मुख्यमंत्री बाबा रामेश्वर नाथ मंदिर में विशेष विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे और राज्य की सुख, समृद्धि तथा शांति की कामना करेंगे. धार्मिक अनुष्ठानों को पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री लगभग सवा पांच बजे वापस पटना के लिए रवाना हो जाएंगे. मुख्यमंत्री के इस त्वरित दौरे को लेकर पूरे बक्सर शहर में प्रशासनिक हलचल तेज है.

Also Read: सब्जी कारोबारी का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

विज्ञापन
सूर्यकांत कुमार

लेखक के बारे में

By सूर्यकांत कुमार

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं और डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे गया, औरंगाबाद, कैमूर और बक्सर जिलों की स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन