बक्सर : सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार बाइक, दो युवकों की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम
घटनास्थल पर जुटी भीड़
Buxar News : बक्सर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई. चौसा-कोचस मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया.
Buxar News : चौसा-कोचस मुख्य मार्ग पर रविवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गयी. हादसा मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अखौरीपुर गोला और कोचाढ़ी गांव के बीच यादव ढाबा के समीप हुआ. तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक बाइक समेत ट्रक के पिछले हिस्से में फंस गये और गंभीर रूप से घायल हो गये.
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित किया
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को बाहर निकालकर सदर अस्पताल पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया.
मृतकों में बक्सर और गाजीपुर के युवक शामिल
मृतकों की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के कोचाढ़ी गांव निवासी नुनु नट के 22 वर्षीय पुत्र योगा उर्फ बबलू नट और उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के सजना-सलारपुर गांव निवासी मुनर नट के 32 वर्षीय पुत्र सुहैल नट के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, सुहैल नट अपनी ससुराल कोचाढ़ी आया हुआ था.

अखौरीपुर गोला से घर लौटने के दौरान हुआ हादसा
बताया गया कि रविवार शाम दोनों युवक बाइक से अखौरीपुर गोला से अपने घर कोचाढ़ी लौट रहे थे. इसी दौरान यादव ढाबा के पास बाइक अनियंत्रित हो गयी और सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी. हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया और दोनों मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया.
Also Read : मांगों पर 9 महीने से इंतजार, रोहतास में फिर एकजुट हुए कार्यपालक सहायक, आंदोलन की रणनीति पर मंथन
आक्रोशित ग्रामीणों ने चौसा-कोचस मुख्य मार्ग किया जाम
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने चौसा-कोचस मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. इससे करीब एक घंटे तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा. सूचना मिलने पर मुफ्फसिल थाना प्रभारी शंभू भगत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया.
Also Read : बेलवाई-सखवां पुल के बीच हथियार के बल पर दुकानदार से लूट, रुपये और मोबाइल लेकर फरार हुए अपराधी
ट्रक जब्त, मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. थानाध्यक्ष शंभू भगत ने बताया कि हादसे में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया गया है. मामले की जांच की जा रही है.
Also Read : नियोजित शिक्षकों के हक में सरकार की आनाकानी पर उठे सवाल, करगहर में संगठन ने भरी हुंकार
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए