कृषि यंत्रों की खरीद पर 80% तक अनुदान, 30 सितंबर तक किसान कर सकेंगे आवेदन
ड्रोन का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
Buxar News : बक्सर के किसानों के लिए खुशखबरी! कृषि विभाग 86 प्रकार के आधुनिक कृषि यंत्रों पर 40 से 80% तक अनुदान दे रहा है. ड्रोन की खरीद पर भी पहली बार सब्सिडी का मौका मिलेगा. आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर है.
Buxar News : जिले में कृषि को बढ़ावा देने और किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कृषि विभाग की ओर से विभिन्न योजनाओं के तहत 86 प्रकार के कृषि यंत्रों पर 40 से 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है. इसके लिए किसानों से 30 सितंबर तक आवेदन लिए जाएंगे. अब तक करीब 380 आवेदन विभाग को प्राप्त हो चुके हैं.
यंत्रीकरण योजनाओं के लिए जिले को मिला लक्ष्य
उप निदेशक कृषि यंत्रीकरण गरिमा झरिया ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले को विभिन्न कृषि यंत्रों और यंत्रीकरण योजनाओं का लक्ष्य प्राप्त हुआ है. इसके तहत स्पेशल कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए 29, कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए छह, फार्मर मशीनरी बैंक के लिए एक तथा कृषि ड्रोन के लिए 10 का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. वहीं, एकल कृषि यंत्र के लिए 1,797 का लक्ष्य प्राप्त हुआ है.
पहली बार कृषि ड्रोन की खरीद पर भी मिलेगा अनुदान
जिले में पहली बार कृषि ड्रोन की खरीद पर भी अनुदान दिया जाएगा. कृषि ड्रोन के लिए 40 से 50 प्रतिशत तक अनुदान का प्रावधान किया गया है. इससे किसानों को कम लागत में आधुनिक तकनीक अपनाने का अवसर मिलेगा. ड्रोन के माध्यम से खेतों में दवा के छिड़काव सहित अन्य कृषि कार्यों में भी सुविधा होगी.
20 हजार से अधिक की योजना के लिए एलपीसी अनिवार्य
विभाग के अनुसार, 20 हजार रुपये से अधिक मूल्य की योजना का लाभ लेने के लिए एलपीसी अनिवार्य किया गया है. इसके अलावा किसी भी योजना का लाभ लेने के लिए लगान रसीद, किसान पंजीकरण और जाति प्रमाण पत्र आवश्यक होगा.
किसानों से समय पर आवेदन करने की अपील
कृषि विभाग ने किसानों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है, ताकि उन्हें कृषि यंत्रीकरण योजनाओं का लाभ मिल सके. विभाग के अनुसार, आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग से खेती की लागत कम करने और कृषि कार्यों को अधिक सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी.
Also Read : बक्सर: सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार बाइक, दो युवकों की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए