बक्सर में पीएम विश्वकर्मा योजना को लेकर जागरूकता कार्यक्रम, कारीगरों को डिजिटल सुविधाओं और ई-कॉमर्स की दी जानकारी
मंच पर बैठे अतिथि | Prabhat Khabar Network
Buxar News : बक्सर में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत कारीगरों और शिल्पकारों के लिए एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का उद्देश्य उन्हें सरकारी योजनाओं, डिजिटल सुविधाओं, ई-कॉमर्स और ब्रांड निर्माण के बारे में शिक्षित कर आत्मनिर्भर बनाना था.
Buxar News : सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विकास एवं सुविधा कार्यालय, पटना के तत्वावधान में राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (NIELIT), बक्सर में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना को लेकर एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य योजना से जुड़े कारीगरों और शिल्पकारों को शासकीय योजनाओं, डिजिटल सुविधाओं, ई-कॉमर्स, ब्रांड निर्माण, विपणन और आधुनिक पैकेजिंग तकनीकों के प्रति जागरूक कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना था. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय कारीगरों ने भाग लिया.
योजना की विशेषताओं और लाभों की दी गई जानकारी
कार्यक्रम में NIELIT बक्सर के केंद्र प्रभारी एवं संयुक्त निदेशक जीतेंद्र कुमार सिंह ने विशेष संबोधन दिया. सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम कार्यालय, पटना के सहायक निदेशक श्रेणी-प्रथम एसके अग्निहोत्री ने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना की विस्तृत जानकारी साझा की और इसके विभिन्न पहलुओं से प्रतिभागियों को अवगत कराया.
उद्यमिता और डिजिटल भुगतान पर दिया गया जोर
जिला उद्योग केंद्र, बक्सर के उद्योग विस्तार पदाधिकारी बृज कुमार ने उद्यमिता और उद्योग विभाग की योजनाओं पर प्रकाश डाला. भारतीय डाक भुगतान बैंक के सूरज कुमार ने डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने, कारीगरों के लिए क्विक रिस्पॉन्स (QR) कोड तैयार करने और डिजिटल लेन-देन की प्रक्रिया की जानकारी दी.
ई-कॉमर्स और ब्रांड निर्माण की समझ विकसित की
तकनीकी सत्र में राज्य स्तरीय कार्यक्रम प्रबंधन इकाई, पटना के रविकांत भारती ने ई-कॉमर्स, ब्रांड निर्माण और विपणन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी. अतिथि प्राध्यापक अंकेश कुमार ने बिक्री रणनीति, मूल्य निर्धारण रणनीति और नवीनतम विपणन प्रवृत्तियों पर प्रस्तुति दी. इससे कारीगरों को अपने उत्पादों की बेहतर बिक्री और बाजार तक पहुंच बनाने के तरीकों की जानकारी मिली.
Also Read : बक्सर: सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार बाइक, दो युवकों की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम
आधुनिक पैकेजिंग मशीनों का किया गया सजीव प्रदर्शन
पटना की डीएस उद्योग की टीम ने आधुनिक पैकेजिंग मशीनों का सजीव प्रदर्शन किया. इस दौरान प्रतिभागियों को पैकेजिंग की आधुनिक तकनीकों की व्यावहारिक जानकारी दी गई. प्रदर्शन के माध्यम से कारीगरों को उत्पादों की पैकेजिंग को बेहतर बनाने और उन्हें बाजार के अनुरूप तैयार करने की जानकारी मिली.
Also Read : बक्सर के किला मैदान में गूंजा सनातन का संदेश, हजारों लोगों ने लिया गौरव सम्मेलन में हिस्सा
संवाद और प्रतिभागियों की प्रतिपुष्टि के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम के अंत में सहायक निदेशक श्रेणी-प्रथम संजीव आजाद ने धन्यवाद ज्ञापन किया. कार्यक्रम के सफल संचालन में कार्यक्रम समन्वयक डॉ. श्वेता देवताले और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के युवा पेशेवर हर्ष केसरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही. कार्यक्रम का समापन खुले संवाद और प्रतिभागियों की प्रतिपुष्टि के साथ हुआ.
Also Read : बक्सर में घटने लगी गंगा जी की रफ्तार, 8 घंटे में 8 सेंटीमीटर नीचे आया जलस्तर, तटीय इलाकों में राहत की उम्मीद
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए